Home / Odisha / मालकानगिरि की नर्स संजुक्ता सेठी को फ्लोरेंस नाइटिंगेल सम्मान

मालकानगिरि की नर्स संजुक्ता सेठी को फ्लोरेंस नाइटिंगेल सम्मान

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को मालकानगिरि जिला मुख्यालय अस्पताल की नर्सिंग अधिकारी संजुक्ता सेठी को वर्ष 2024 के लिए ‘राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल नर्स पुरस्कार’ से सम्मानित किया।

वह अस्पताल में ओटी की प्रभारी सिस्टर हैं। वह जिले में कुशल जन्म परिचारिका (एसबीए) प्रशिक्षण की भी सलाहकार हैं। इसके साथ ही जिला गुणवत्ता आश्वासन टीम की सदस्य हैं और जैव-चिकित्सा अपशिष्ट की पर्यवेक्षक हैं। दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाने के लिए उनकी सराहना की गई है। सेठी उन 15 नर्सिंग पेशेवरों में शामिल हैं जिन्हें उनकी सराहनीय सेवाओं को मान्यता देते हुए यह पुरस्कार दिया गया।

धर्मेन्द्र प्रधान ने दी बधाई

राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार-2024 प्राप्त करने वाली संजुक्ता सेठी को केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने बधाई दी है। प्रधान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर उनके राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने के वीडियो को साझा करते हुए लिखा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा के लिए माननीय राष्ट्रपति से ‘राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार-2024’ प्राप्त करने वाली ओडिशा की सुश्री संजुक्ता सेठी को बधाई। मालकानगिरि जिला सामान्य अस्पताल में नर्सिंग अधिकारी के रूप में काम करते हुए संजुका कई दुर्घटनाग्रस्त रोगियों की जान बचाने में कामयाब रही हैं। उनका दृढ़ संकल्प और जिम्मेदारी की भावना समाज को सदैव प्रेरित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुभकामनाएं दी

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्राप्त करने पर संजुक्ता सेठी को बधाई दी। ओडिशा के मुख्यमंत्री माझी ने ट्विटर पर लिखा कि मालकानगिरि जिले की समर्पित स्वास्थ्यकर्मी संजुक्ता सेठी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रतिष्ठित फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपका त्याग, समर्पण और जनसेवा महिला सशक्तिकरण के बेहतरीन उदाहरण हैं। भगवान जगन्नाथ आपको उज्ज्वल भविष्य प्रदान करें।

नवीन ने की सफलता की कामना

सेठी की प्रशंसा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मालकानगिरि जिला मुख्यालय अस्पताल की संजुक्ता सेठी को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल नर्स पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर मेरी शुभकामनाएं। यह ओडिशा के लिए गौरव की बात है। आने वाले दिनों में उन्हें और सफलता की कामना करता हूं।

सराहनीय सेवाओं को मान्यता

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार की स्थापना स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट नर्सिंग कर्मियों द्वारा प्रदान की गई सराहनीय सेवाओं को मान्यता देने और सम्मानित करने के लिए की गई थी।

Share this news

About desk

Check Also

भरतपुर थाना मामले में न्यायिक आयोग ने हलफनामे मांगे

आयोग ने अधिसूचना जारी की शिकायतकर्ता, पुलिस और आम जनता समेत अन्य हितधारकों से खुले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *