-
राज्य सरकार ने प्रायोजन को और तीन साल तक बढ़ाने की घोषणा की
भुवनेश्वर। भारतीय हॉकी को अपना निरंतर समर्थन देते हुए ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को पुरुष और महिला राष्ट्रीय टीमों के प्रायोजन समझौते को और तीन वर्षों के लिए बढ़ाने की घोषणा की। इसके तहत अब ओडिशा 2036 तक टीम प्रायोजक बना रहेगा। देश में खेल को बढ़ावा देते हुए ओडिशा के 100 साल पूरे होने के अवसर पर यह बड़ा फैसला लिया गया है।
हॉकी इंडिया (एचआई) के महासचिव भोला नाथ सिंह ने बताया कि ओडिशा 2033 के बजाय 2036 तक भारतीय हॉकी पुरुष और महिला दोनों टीमों का प्रायोजक होगा।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, खेल और युवा सेवा राज्य मंत्री सूर्यवंशी सूरज, मुख्य सचिव और मुख्य विकास आयुक्त प्रदीप कुमार जेना, आयुक्त-सह-सचिव आर विनील कृष्णा, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की और महासचिव भोला नाथ सिंह की मौजूदगी में एक उच्चस्तरीय बैठक में इस महत्वपूर्ण साझेदारी को मजबूत किया गया।
बैठक और ओडिशा सरकार के साथ अपनी साझेदारी के बारे में बात करते हुए तिर्की ने कहा कि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और खेल एवं युवा सेवा राज्य मंत्री सूर्यवंशी सूरज के साथ हमारी एक सार्थक बैठक हुई। हमने खेलों की उन्नति और हमारे लोकप्रिय खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की रणनीतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हम भारतीय हॉकी के प्रति उनके दृढ़ समर्थन और प्रतिबद्धता के लिए ओडिशा सरकार के बहुत आभारी हैं। इस साझेदारी ने हमारे देश भर में खेल के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय हॉकी के लिए ओडिशा सरकार का समर्थन अमूल्य रहा है। ओडिशा सरकार लगातार हमारे खेल के लिए ताकत का स्तंभ रही है। 2036 तक साझेदारी बढ़ाने का उनका निर्णय खेल और युवा विकास के प्रति उनके समर्पण को रेखांकित करता है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
