-
कहा- राज्य के विकास के लिए बीजद ने कुछ नहीं किया
भुवनेश्वर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज शनिवार को कलाहांडी में आयोजित एक जनसभा में ओडिशा के मुख्यमंत्री तथा बीजद मुखिया नवीन पटनायक पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ सरकार ने लोगों के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया है। इस दौरान विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए साय ने नवीन सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि ओडिशा में इस बार बदलाव ही हवा चल रही है। लोगों ने ओडिशा में भी कमल खिलाने के लिए ठान लिया है तथा लोकसभा चुनाव नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश की बागडोर सौंपने को जनता तैयार है।
साय ने कहा कि मोदीजी गरीब परिवार से आते हैं, इसलिए गरीबों की पीड़ा के बारे में उन्हें पता है। वह 18 घंटे काम करते हैं। लोगों की सुविधाओं और विकास के लिए बहुत काम किया है।
जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने के साथ देश को आतंकवाद से मुक्ति दिलाने का काम पिछले दस साल में हुआ है, लेकिन इच्छा शक्ति की कमी के कारण ओडिशा का विकास नहीं हो पाया है, जबकि ओडिशा में खनिज और वन संपदा की कोई कमी नहीं, लेकिन फिर भी यहां गरीबों का जैसा कल्याण होना चाहिए वह नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि ओडिशा में भी डबल इंजन की सरकार बनानी होगी। यदि यहां राज्य में भी भाजपा की सरकार बनती है, तो केंद्र सरकार की सभी योजनाएं अच्छे से क्रियान्वित होंगी। डबल इंजन की सरकार होने से काफी लाभ होता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पांच साल के लिए कांग्रेस ने सत्ता संभाली, तो भ्रष्टाचार को जमकर बढ़ावा मिला। तीन महीने पहले आई भाजपा सरकार ने एक बार फिर विकास कार्यों को गति दे रही है। इसलिए ओडिशा के साथ-साथ लोकसभा के लिए आप भाजपा के उम्मीदवारों को विजयीश्री का आशीर्वाद दें।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
