Home / Odisha / मोदी ने नवीन पटनायक सरकार पर बोला हमला

मोदी ने नवीन पटनायक सरकार पर बोला हमला

  • बीजद सरकार पर केन्द्र की योजनाओं को राज्य में लागू न करने पर साधा निशाना

  •  किसानों की अनदेखी करने का लगाया आरोप

  • महाप्रभु जगन्नाथ के रत्न भंडार की चाबियों के गुम होने को लेकर भी कई सवाल पूछे

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शनिवार को ओडिशा के कंधमाल, बलांगीर और बरगढ़ में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए ओडिशा की बीजद सरकार पर केन्द्र की योजनाओं को राज्य में लागू न होने देने और किसानों की अनदेखी को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर हमले किये। उन्होंने महाप्रभु जगन्नाथ के रत्न भंडार की चाबियों के गुम होने को लेकर भी राज्य सरकार से कई सवाल पूछे। कार्यक्रमों के दौरान केंद्रीय मंत्री और संबलपुर उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान, कंधमाल प्रत्याशी सुकांत कुमार पाणिग्रही, बलांगीर प्रत्याशी संगीता कुमारी देव सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

सम्मान पाकर भावविभोर हुए मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि तुला बहरा नामक एक माता जी ने आकर मेरा सम्मान किया और उनकी कहानी सुनकर मैं भाव विभोर हो गया। तुला बहरा जी भिक्षा मांगती हैं और उन्होंने भिक्षा मांगकर भगवान जगन्नाथ को एक लाख रुपए समर्पित किए हैं। ऐसे पवित्र मन वाली मां जब मुझे आशीर्वाद देने आई हैं तो मुझे लगता है कि पूरा ओडिशा मुझे आशीर्वाद दे रहा है। आज मुझे ओडिशा की ग्रामीण भाषाओं में कविताएं बनाने वाली पूर्णमासी जानी को पद्म पुरुस्कार देने का सौभाग्य मिला है। भुवनेश्वर में कल की शाम में अपार जनसमूह भाजपा की प्रचंड विजय का आशीर्वाद दे रहा था और मैं ओडिशा की जनता के प्यार का ये कर्ज ओडिशा को विकसित बनाने के लिए अथक परिश्रम कर के चुकाऊंगा। भाजपा ने बलांगीर के नरसिंह प्रसाद गुरी जी के अलावा इस वर्ष भी विनोद कुमार पसायत, भागवत प्रधान, गोपीनाथ और विनोद महाराणा को पद्म पुरुस्कार दिया है।

ओडिशा ने पहली बार डबल इंजन की सरकार को मन बनाया

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित ओडिशा और विकसित भारत के संकल्प लिए ये चुनाव अत्यंत अहम है और जनता का एक एक वोट बहुत आवश्यक है। ओडिशा ने इस चुनाव में पहली बार डबल इंजन की सरकार और पूरी 21 सीटों पर भाजपा को विजयी बनाने का मन बना लिया है। भाजपा ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र को लेकर देश को आगे बढ़ा रही है।

‘सुपर सीएम’ चला रहा सरकार

राज्य में भाजपा सरकार बनी तो ओडिशा को ओड़िया भाषा और संस्कृति से जुड़ा अपना मुख्यमंत्री मिलेगा एवं 4 जून बीजद सरकार की एक्सपायरी डेट है। सभी जानते हैं कि बीजद सरकार ओडिशा में विकास कार्य करने में विफल रही है। सब जानते हैं, बीजद सरकार कौन चला रहा है? बीजद में एक ‘सुपर सीएम’ है जो जनता द्वारा नहीं चुना जाता है, बीजद ने ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद सौंप दिया है जो ओडिशा के सांस्कृतिक मूल्यों से भी परिचित नहीं है।

रत्न भंडार नहीं खुलने पर उठाये सवाल

प्रधानमंत्री ने कहा कि 7 दशक पहले श्री जगन्नाथ मंदिर के प्रबंधन के लिए नियम बनाए गए थे। एक नियम है कि मंदिर के सोने, चांदी, चल और अचल संपत्ति का रिकॉर्ड रखा जाएगा। श्री रत्न भंडार में रखे कीमती सामानों की एक सूची तैयार की गई थी और इस रत्न भंडार का आखिरी बार आंकलन 45 वर्ष पहले किया गया था, तब आभूषण और रत्न इतने अधिक थे कि इस खजाने को अमूल्य बताकर मूल्यांकन करने वालों ने अपने हाथ खड़े कर दिए थे। आधिकारिक रूप से श्री रत्न भंडार पिछले 40 वर्षों से खुला नहीं है लेकिन श्री रत्न भंडार के गर्भ-गृह के आंतरिक कक्ष की चाबियां पिछले 6 सालों से लापता हैं। क्या जनता को ये जानने का अधिकार नहीं है कि चाबियां कहां और किसके पास हैं? राज्य सरकार कहती है कि रत्न भंडार की डुप्लिकेट चाबियां मिली हैं, ये डुप्लिकेट चाबियां क्यों बनाई गईं? क्या उन चाबियों से रात को रत्न भंडार खोला जाता है? इस मामले की जांच राज्य सरकार ने एक आयोग को सौंपी थी लेकिन वो रिपोर्ट ओडिशा सरकार ने सार्वजनिक नहीं की है। बीजद सरकार इस विषय से क्यों भाग रही है? राज्य सरकार किसके पाप को बचाने की कोशिश कर रही है। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद श्री रत्न भंडार की पारदर्शिता और प्रतिष्ठा को फिर से स्थापित किया जाएगा और यह मोदी की गारंटी है।

25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए

मोदी ने कहा कि आपका सेवक मोदी आपके लिए दिन रात मेहनत कर रहा है। मोदी के प्रयासों से बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। जब तक देश में एक भी गरीब है, मोदी चैन से नहीं बैठेगा। मोदी ने पक्के घर एवं निशुल्क राशन की गारंटी दी है और इसका बहुत बड़ा लाभ आदिवासी समाज के लोगों को हुआ है।

कमाई का जरिया होगी पीएम सूर्य घर योजना

भाजपा पीएम सूर्य घर योजना लेकर आई है जिससे हर घर को सौर पैनल लगाने के लिए करीब 75 हजार रुपए की मदद दी जा रही है। इससे बिजली का बिल तो शून्य हो ही जाएगा साथ ही लाभार्थी बिजली को बेच भी सकेंगे, इससे लोगों की कमाई भी होगी। मोदी आपको निशुल्क इलाज की सुविधा देना चाहता है लेकिन ओडिशा की बीजद सरकार राज्य में आयुष्मान योजना को लागू नहीं होने दे रही है।

भाजपा सरकार बनाएगी 5 लाख तक का निःशुल्क इलाज

मोदी ने कहा कि ओडिशा की जनता जब राज्य में भाजपा सरकार बनाएगी 5 लाख तक के निःशुल्क इलाज की योजना राज्य में लागू हो जाएगी। इस क्षेत्र में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। पर्यटन बढ़ता है तो रोजगार बढ़ता है और लोगों की आमदनी भी बढ़ती है लेकिन बीजद सरकार की उदासीनता के कारण यहां पर्यटन भी चौपट है।

किसानों के हितों को सर्वोच्च प्रथमिकता

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्रथमिकता देती है, लेकिन बीजद सरकार ने धान किसानों को भी परेशान कर रखा है। बीजद सरकार धान किसानों को पूरी एमएसपी तक नहीं दे रही है इसलिए भाजपा ओडिशा ने घोषणा की है कि भाजपा सरकार 3100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से धान खरीदेगी और 48 घंटे के भीतर किसान के खाते में पैसे जमाकर दिए जाएंगे। कंधमाल की हल्दी को मोदी सरकार ने जीआई टैग दिया है लेकिन बीजद सरकार ने हल्दी किसानों को भी बेहाल रखा हुआ है। यहां पर्याप्त भंडारण की सुविधा नहीं है। इसलिए ओडिशा भाजपा ने कंधमाल में मसाला पार्क बनाने की घोषणा की है। भाजपा सरकार ने राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड का भी गठन किया है। जब तक यहां बीजद की सरकार होगी तब तक लाभार्थियों को उनका पूरा हक नहीं मिल पाएगा। बीजद नेताओं ने बंगले और गाड़ियां ले ली लेकिन यहां का नौजवान पलायन के लिए मजबूर है।

जी-20 के माध्यम से कोणार्क सूर्य मंदिर को वैश्विक पहचान दिलाई

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने जी 20 के माध्यम से ओडिशा के कोणार्क सूर्य मंदिर को वैश्विक पहचान दिलाई है और ओडिशा के पाईका संग्राम को मेमोरियल को स्वीकृत देने साथ साथ और इस संग्राम के सम्मान में एक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया है। भाजपा सरकार ने 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। इसके अलावा भाजपा सरकार होमस्टे के लिए सहायता दे रही है। ओडिशा भाजपा ने महिलाओं के लिए सुभद्रा योजना की भी घोषणा की है जो महिलाओं के लिए बड़ा संबल बनेगी। मोदी सरकार के संबल अभियान के तहत हर गर्भवती महिला के खाते में 6 हजार रुपए भेजे जाते हैं लेकिन बीजद ने ओडिशा में इस योजना पर रोक लगा रखी है।

जिनको किसी ने नहीं पूछा उनको मोदी ने पूजा

मोदी ने कहा कि जिनको किसी ने नहीं पूछा उनको मोदी ने पूजा है। यहां के विश्वकर्मा समाज के लिए भाजपा सरकार 13 हजार करोड़ रुपए की प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना बनाई है। यहां की भुइयां, भुंजियां, बोंडोपोराजा और मनकिंडिया जैसी अति पिछड़ी जनजातियों के लिए मोदी ने 24 हजार करोड़ रुपए की लागत से प्रधानमंत्री जनमन योजना बनाई है और इस योजना ने ओडिशा की बेटी और हमारी राष्ट्रपति श्रीमति द्रौपदी मुर्मू के मार्गदर्शन में आकार लिया है।

बीजद और कांग्रेस ने पल्ला झाड़ लिया

बीजद और कांग्रेस ने कंधमाल को पिछड़ा जिला घोषित कर अपना पल्ला झाड़ लिया था लेकिन मैंने इन जिलों को आकांक्षी जिला घोषित कर इन्हें विकसित करने का संकल्प लिया है। हर आकांक्षी जिले की रोज मॉनिटोरिंग होती है। भाजपा सरकार ने यहां कई एकलव्य विद्यालय आवंटित किए हैं लेकिन बीजद के नेता शिक्षण संस्थानों पर कब्जा किए बैठे हैं। बीजद के नेता यहां आदिवासियों की जमीनें हड़प रहे हैं। यहां भाजपा सरकार बनने पर हर माफिया पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नवीन बताएं जनता दुखी क्यों है?

उन्होंने कहा कि वर्षों से मुख्यमंत्री पद पर बैठे नवीन पटनायक को बताना होगा कि ओडिशा की जनता उनसे दुखी क्यों है? नवीन पटनायक ओडिशा के सभी जिलों के नाम बिना कागज के बता नहीं सकते हैं। जो मुख्यमंत्री अपने जिलों के नाम बिना कागज नहीं बोल सकता, वो जनता के दुख-दर्द कैसे जानेगा? जनता ऐसे नेताओं के भरोसे अपना भविष्य नहीं छोड़ सकती है। भाजपा ने ओडिशा को नंबर 1 राज्य बनाने का संकल्प लिया है। ओडिशा के पास गुजरात से 100 गुना अधिक ताकत है, जब गुजरात आगे निकल गया तो ओडिशा कैसे पीछे रह गया? ओडिशा के पास खनिजों का भंडार है, इसीलिए यहां की जमीन से जुड़ा हुआ व्यक्ति यहां का मुख्यमंत्री बनकर ओडिशा को नंबर 1 राज्य बना सकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के स्थानीय लोकसभा एवं विधानसभा उम्मीदवारों को विजयी बनाकर राज्य में भाजपा सरकार और केन्द्र में फिर एक बार मोदी सरकार बनाने का आह्वान किया।

Share this news

About desk

Check Also

पांच शास्त्रीय भाषाओं के विद्वानों से मिले शिक्षा मंत्री

पाली, प्राकृत, मराठी, बंगाली और असमिया को मिला है शास्त्रीय भाषा का दर्जा भुवनेश्वर। केंद्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *