Home / Odisha / पोखरण में परमाणु परीक्षण की वर्षगांठ पर मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

पोखरण में परमाणु परीक्षण की वर्षगांठ पर मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

  • पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 26 वर्ष पहले आज के ही दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया और भाजपा ने ये दिखा दिया था कि देश भक्ति से ओत प्रोत सरकार देशहित एवं देश की सुरक्षा के लिए कैसे काम करती है। भाजपा सरकार द्वारा किए गए परमाणु परीक्षण से हर देश में रहने वाला प्रत्येक भारतीय गर्व से ओत प्रोत हो रहा था। एक वो दिन था जब भारत ने विश्व को अपने सामर्थ्य का परिचय करवाया था और दूसरी तरफ कांग्रेस ने बार बार अपने ही देश को डराने के प्रयास किए हैं। कांग्रेस नेता पाकिस्तान के पास परमाणु हथियार होने की धमकी देकर देश के मन को मार रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान के हालात तो इतने खराब हैं कि ये देश परमाणु हथियारों को संभालने तक की स्थिति में नहीं है एवं इन हथियारों को भी कोई खरीदने के लिए तैयार नहीं है। कांग्रेस के इसी कमजोर रवैये के कारण जम्मू कश्मीर ने 60 वर्षों तक आतंकवाद झेला है और कांग्रेस आतंकियों को सबक सिखाने की बजाय आतंकी संगठनों के साथ बैठकें करती थी। 26/11 के भयंकर आतंकी हमलों के बाद कांग्रेस की हिम्मत नहीं पड़ी की आतंक के सरपरस्तों पर कार्रवाई कर पाए, क्योंकि कांग्रेस को वोटबैंक का डर था। कांग्रेस के शहजादे 2014, 2019 और 2024 के चुनावी भाषणों में एक ही स्क्रिप्ट पढ़ते जा रहे हैं और अब लिखकर रखने की बात कह रहे हैं, लेकिन कांग्रेस ये लिखकर रख ले कि इस बार जनता ने एनडीए को 400 से अधिक सीटों पर विजयी बनाने और कांग्रेस को अधिकृत विपक्ष के लिए आवश्यक सीटें भी न देने का मन बना लिया है। कांग्रेस 50 से कम सीटों पर सिमटने वाली है।

देश की 500 वर्षों की प्रतीक्षा पूरी हुई

भाजपा सरकार में ही देश की 500 वर्षों की प्रतीक्षा पूरी हुई और अयोध्या में भव्य राम मंदिर देखकर आज देश को गर्व हो रहा है। राम लला भी आज देश को आशीर्वाद दे रहे हैं। राज्य भाजपा भी ओड़िया भाषा और संस्कृति के प्रति समर्पित है।

आपका अधिकार नहीं छीनेगा

मोदी ने कहा कि कांग्रेस संविधान बदलना चाहती है। वो एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण का अधिकार छीनकर अपने वोट बैंक को देना चाहते हैं, लेकिन भारतीय संविधान की संरक्षक एक आदिवासी महिला है और आपके प्रधानमंत्री ओबीसी समुदाय से हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि कोई भी आपका अधिकार नहीं छीनेगा। जब एक आदिवासी बेटी और देश की राष्ट्रपति श्रीमति द्रौपदी मुर्मू रामलला के दर्शन करके आईं, तो उसके दूसरे दिन कांग्रेस के एक बड़े नेता ने घोषणा की कि अब हम गंगा जल से धोकर राम मंदिर का शुद्धिकरण करेंगे। ये देश का आदिवासी समाज का और माताओं-बहनों का अपमान है। मैं चाहता हूं कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान करने वाली कांग्रेस की सभी सीटों पर जमानत जब्त होनी चाहिए, क्योंकि इन्होंने बहुत बड़ा बड़ा पाप किया है।

कमल है तो शांति और विकास

प्रधानमंत्री ने कहा कि कमल है तो शांति और विकास है, कमल है तो ज्ञान और विज्ञान है, कमल है तो हर नारी का सम्मान है, कमल है तो संकल्पों की सिद्धी है, कमल है तो सुरक्षा है, कमल है तोआत्मनिर्भरता को ताकत है, कमल है तो गौरव से भरी विरासत है, कमल है तो विजय और विश्वास है, कमल है तो मान है सम्मान है और अभिमान है एवं कमल है तो प्रगति पथ पर हिंदुस्तान है।

Share this news

About desk

Check Also

पांच शास्त्रीय भाषाओं के विद्वानों से मिले शिक्षा मंत्री

पाली, प्राकृत, मराठी, बंगाली और असमिया को मिला है शास्त्रीय भाषा का दर्जा भुवनेश्वर। केंद्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *