Home / Odisha / मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हिंजिली के साथ-साथ कांटाबांजी से भी लड़ेंगे चुनाव

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हिंजिली के साथ-साथ कांटाबांजी से भी लड़ेंगे चुनाव

  • बीजद ने विधानसभा की नौ सीटों के लिए की प्रत्याशियों की घोषणा की

भुवनेश्वर। बीजू जनता दल के मुखिया तथा राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक इस साल भी दो सीटों से विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। वह हिंजिली के साथ-साथ कांटाबांजी से भी चुनावी मैदान में उतरेंगे।

बीजू जनता दल ने आज बुधवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पांचवीं सूची जारी की है। इस सूची में नौ सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। पार्टी के मुखिया तथा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस बारे में घोषणा की। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक अपनी पारंपारिक सीट हिंजिली के साथ-साथ बलांगीर के कांटाबांजी सीट से भी चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही दो सीटों के प्रत्याशियों की अदला-बदली भी की गई है।

आज घोषित सूची में चित्रोकोंडा से लक्ष्मीप्रिया नायक, पद्मपुर से वर्षा सिंह बरिहा, कुचिंडा से राजेन्द्र छत्रिया, देवगढ़ से अरुंधती देवी को टिकट दिया गया है। अनुगूल से संयुक्ता सिंह, निमापड़ा से दिलीप नायक, सानखेमुंडी से सुलक्षणा गीतांजली देवी व जयपुर से इंदिरा नंद को टिकट दिया गया है।

इसी तरह प्रसन्न आचार्य ने संबलपुर विधानसभा सीट को लेकर अपनी अनिच्छा व्यक्त की थी। वह रेढ़ाखोल से टिकट चाहते थे। इस कारण पार्टी ने अब उन्हें रेढ़ाखोल से टिकट दिया है। रेढ़ाखोल के विधायक रोहित पुजारी को पार्टी ने संबलपुर से टिकट दिया है।

नवीन के पश्चिम ओडिशा से लड़ने की थी चर्चा

नवीन पटनायक ने इस बार पश्चिम ओडिशा के किसी सीट से भी विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा हो रही थी, जिस पर अब विराम लग गया है। वह कांटाबांजी से मैदान में उतरेंगे।

2019 में भी लड़े थे दो सीटों से चुनाव

मुख्यमंत्री पहली बार दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसा नहीं है। इससे पहले भी वह 2019 में हिंजिली के साथ-साथ बिजेपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। बिजेपुर में सीट जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने अपनी हिंजिली की सीट रखी व बिजेपुर की सीट से त्यागपत्र दे दिया था।

संतोष सिंह सालुजा और लक्ष्मण बाग से मुकाबला

कांटाबांजी सीट से वर्तमान में कांग्रेस विधायक संतोष सिंह सालुजा हैं। उनके साथ-साथ भाजपा के लक्ष्मण बाग भी उन्हें टक्कर देंगे। 2019 के चुनाव के परिणामों पर नजर डालें, तो पिछले चुनाव में काग्रेस प्रत्याशी संतोष सिंह सालुजा ने यहां भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण बाग को केवल 118 मतों से पराजित किया था। संतोष सिंह सालुजा को पिछले चुनाव मे 64 हजार 246 मत मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण बाग को 64 हजार 118 वोट मिले थे। कांटे की टक्कर में कांग्रेस ने यह सीट हथिया ली थी। बीजद प्रत्याशी अजय दास को 54 हजार 527 वोट हासिल हुए थे।

Share this news

About desk

Check Also

नववर्ष पर रात 2 बजे खुलेगा पुरी श्रीमंदिर का द्वार

    द्वारफिटा और पाहिली भोग की समय-सारिणी तय     एसजेटीए प्रमुख अरविंद पाढ़ी …