Home / Odisha / बीजद और कांग्रेस को बड़ा झटका, कई दिग्गज नेताओं ने साथ छोड़ा
BJD AND CONGRESS

बीजद और कांग्रेस को बड़ा झटका, कई दिग्गज नेताओं ने साथ छोड़ा

  •  फिल्म अभिनेता व पूर्व विधायक आकाश दास नायक, सांसद अनुभव मोहंती तथा पूर्व विधायक प्रियदर्शी मिश्र ने बीजद से दिया त्यागपत्र

  • कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चिरंजीब बिस्वाल ने पार्टी से दिया इस्तीफा

  •  छत्रपुर में एक कांग्रेस नेता बीजद में गए और बीजद से युवा नेता भाजपा में शामिल

भुवनेश्वर। ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव से पहले राजनीतिक गरियारे में भगदड़ मची है। राज्य में सत्तारूढ़ बीजद और कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। इसके कई दिग्गज नेताओं ने साथ पार्टी का साथ  छोड़ दिया है।

फिल्म अभिनेता व पूर्व विधायक आकाश दास नायक, केंद्रापड़ा सांसद अनुभव मोहंती तथा पूर्व विधायक प्रियदर्शी मिश्र ने बीजद से त्यागपत्र दे दिया है। इसी तरह से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चिरंजीब बिस्वाल ने पार्टी से इस्तीफा दिया है।

इधर, गंजाम जिले के छत्रपुर में कांग्रेस के एक पूर्व विधायक के सूर्य राव बीजद में चले गए हैं और बीजद युवा के राज्य सहसचिव देवी प्रसाद दास भाजपा में शामिल हो गए हैं।

आकाश को बीजद नहीं दे रही थी टिकट

उल्लेखनीय है कि ओड़िया फिल्म अभिनेता तथा जाजपुर जिले के कोरेई विधानसभा सीट से पूर्व विधायक आकाश दास नायक पिछले बार यानी 2019 के चुनाव में भी बीजद ने उन्हें पार्टी से टिकट नहीं दिया था। इस बार भी पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया है।

इस बारे में जानकारी देते हुए दास नायक ने कहा कि पार्टी में उन्हें किसी प्रकार की तरजीह नहीं दी रही है। 2014 में वह बीजद से कोरेई विधानसभा से चुनाव में जीते थे, लेकिन 2019 में उनका टिकट काट दिया गया। इस बार भी उन्हें टिकट से बंचित किया गया। उनके चुनाव लडने के लिए उनकी इच्छा के बारे में पार्टी के मुखिया को अवगत कराने के बाद भी उन्हें टिकट नहीं दिया गया। अपने आत्मसम्मान व कोरेई की जनता के स्वाभिमान के खातिर उन्होंने बीजद छोड़ी है। खबर है कि आकाश भाजपा में जा सकते हैं।

हाशिये पर थे प्रियदर्शी मिश्र, भाजपा में शामिल

भुवनेश्वर (उत्तर) सीट से पूर्व विधायक प्रियदर्शी मिश्र ने बीजू जनता दल से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र बीजद मुखिया तथा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के पास भेज दिया है। मिश्र 2014 से 2019 तक पार्टी के विधायक थे। 2019 के चुनाव में उनका टिकट काट कर सुशांत राउत को दे दिया गया था। उसके बाद सुशांत विधायक बने थे। इसके बाद से ही प्रियदर्शी मिश्र हाशिये पर थे। उन्हें पार्टी में कोई भूमिका नहीं दी जा रही थी। इस कारण वह नाराज चल रहे थे। मिश्र भुवनेश्वर से पूर्व सांसद प्रसन्न पाटसाणी के दामाद भी हैं।

सिंडिकेट से बीजद हो रही है संचालित – प्रियदर्शी

बीजू जनता दल से त्यागपत्र देने के कुछ घंटे बाद ही भुवनेश्वर उत्तर के पूर्व विधायक प्रियदर्शी मिश्र भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ वह रैली निकाल कर भाजपा कार्यालय पहुंचे एवं वहां पर पार्टी का दामन थाम लिया। पत्रकारों से बातचीत में मिश्र ने कहा कि वर्तमान में बीजद एक सिंडिकेट द्वारा संचालित हो रही है। पार्टी के पुराने लोगों को निपटाने के लिए इस सिडिंकेट के लोग कार्य कर रहे हैं। पार्टी की स्थापना करने वाले व छात्र तथा युवा अवस्था से पार्टी से जुड़कर कार्य करने वाले लोग यहां न रहें, इस नीति पर कार्य हो रहा है। यही कारण है कि पार्टी के पुराने नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्हेंने कहा कि 2019 में उन्हें टिकट देने की बात कही थी, लेकिन टिकट नहीं दिया गया। इस बार भी कहा गया था कि टिकट दिया जाएगा, लेकिन जब मुझे पता चला कि फिर से मेरे साथ उसी तरह का व्यवहार की योजना बनी है, तो मैंने स्वयं पार्टी छोड़ दी।

चिरंजीब बिस्वाल ने कांग्रेस को दिया बड़ा झटका

कांग्रेस को आज एक बड़ा झटका तब लगा जब पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा अनेक बार विधायक रहे चिरंजीब बिस्वाल ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। वह बीजद में जा सकते हैं। वह 2004 से 2009 तक व बाद में 2014 से 2019 तक पार्टी के विधायक रहे। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के उपनेता के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली थी। वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भी रहे हैं। वह एक पुराने कांग्रेसी परिवार से आते हैं। उनके पिता बसंत बिस्वाल राज्य में उप मुख्यमंत्री रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके कांग्रेस छोड़ने के बाद तटीय ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में कांग्रेस की स्थिति अत्यंत खराब हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही के दिनों में अनेक कांग्रेस नेता पार्टी छोड़कर बीजद में शामिल हो चुके हैं। केन्द्रापड़ा के नेता अंशुमान मोहंती बीजद मे शामिल हो चुके हैं। इसी तरह प्रदेश कांग्रेस कमेटी क अध्यक्ष शरत पटनायक के गृह जिला बलांगीर के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह भोई भी पार्टी छोड़कर बीजद में शामिल हो चुके हैं।

अनुभव मोहंती की हुई थी उपेक्षा

केंद्रापड़ा के मौजूदा सांसद तथा अभिनेता अनुभव मोहंती ने भी बीजद छोड़ दिया है। अभिनेता से राजनीतिक बने अभिनेता अनुभव ने आज बीजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। मोहंती ने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष और सीएम नवीन पटनायक को सौंप दिया है।

पूर्व सांसद अनुभव मोहंती पहले अपनी पत्नी वर्षा प्रियदर्शनी के साथ कानूनी लड़ाई में फंसे थे। इसके अलावा, बीजद द्वारा मोहंती की कथित तौर पर उपेक्षा की गई और उन्हें केंद्रापड़ा और अन्य हिस्सों में पार्टी के कई कार्यक्रमों में नहीं देखा गया।

मोहंती पहले बीजद के स्टार प्रचारक थे और राज्य के कई हिस्सों का दौरा करते थे। हालांकि, वह लंबे समय से पार्टी कार्यक्रमों और मामलों से गायब थे। इससे अटकलें लगने लगी हैं कि मोहंती जल्द ही बीजद से अलग हो जाएंगे।

भर्तृहरि महताब के साथ दिखे थे अनुभव

इससे पहले मोहंती को कटक के सांसद भर्तृहरि महताब द्वारा आयोजित एक होली कार्यक्रम में देखा गया था, जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे। सूत्रों ने कहा कि मोहंती भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हैं और भगवा पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अटकलों पर उनसे संपर्क नहीं हो सका।

Share this news

About desk

Check Also

मुख्यमंत्री मोहन माझी ने जेपी नड्डा से की मुलाकात

भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *