-
भाजपा ने अभी तक ओडिशा में बीजद के साथ गठबंधन पर अंतिम फैसला नहीं लिया – अमित शाह
भुवनेश्वर। ओडिशा में भाजपा-बीजद के बीच संभावित गठबंधन पर सस्पेंस कायम है। गठबंधन पर चल रही अटकलों के बीच वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि पार्टी ने अभी तक ओडिशा में बीजद के साथ गठबंधन पर अंतिम फैसला नहीं लिया है।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के अध्यक्ष इस पर फैसला लेंगे। हम ओडिशा में अपनी ताकत बढ़ाने जा रहे हैं। राज्य में भाजपा की विधानसभा और लोकसभा सीटें बढ़ेंगी। दिल्ली में आयोजित एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में शाह ने ये बातें कहीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ओडिशा के लोगों का प्यार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बहुत बड़ा है।
शाह ने आगे कहा कि भाजपा ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा अधिक सीटें जीतकर राजनीतिक पंडितों के सारे गणित को चकनाचूर कर देगी।
यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा ओडिशा में सरकार बना सकती है, शाह ने कहा कि कुछ भी हो सकता है, लेकिन पहले यह देखें कि हम अकेले लड़ेंगे या बीजद के साथ जाएंगे। अगर हम अकेले जाएंगे तो सरकार बनाने के लिए लड़ेंगे।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
