Sat. Apr 19th, 2025
  • कहा-पटनायक ने अपनी सरकार को कर दिया है आउटसोर्स

  • सीएम नहीं अधिकारी चला रहे हैं सरकार

  • ओडिशा में भाजपा बहुमत से बनायेगी सरकार

भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी ओडिशा में आगामी आम चुनाव में बहुमत प्राप्त कर राज्य में सरकार बनायेगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक दिवसीय ओडिशा दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि ओडिशा में भाजपा अपनी पूरी ताकत के साथ लड़ेगी व सरकार बनायेगी। उन्होंने कहा कि ओडिशा के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो धनराशि भेज रहे हैं, उसका सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है। केन्द्रीय धनराशि व योजनाओं पर नवीन पटनायक केवल अपना ठप्पा लगा रहे हैं। नवीन पटनायक के अधिकारी केवल री-ब्रैंडिंग कर रहे है। ओडिशा की जनता यह बात अब जान चुकी है।

शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजद) सरकार पर तीखा हमला बोला और मुख्यमंत्री पर अपनी सरकार को आउटसोर्स करने का आरोप लगाया। चौहान ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है और इस संकल्प को साकार करने के लिए हम अपना काम कर रहे हैं। ओडिशा में विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनाव एक साथ होंगे। यहां मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपनी सरकार को आउटसोर्स कर दिया है। यहां सीएम नवीन पटनायक सरकार नहीं चला रहे हैं, बल्कि उनके अधिकारी काम कर रहे हैं। अधिकारियों ने भ्रष्टाचार का जाल बिछा दिया है और बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि यहां ओडिशा में महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं।

ओडिशा में बीजेपी बनाएगी सरकार

मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए चौहान ने कहा कि ओडिशा के लोग नरेंद्र मोदी को पसंद करते हैं और लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता काफी है। उन्होंने कहा कि हम न केवल अधिक लोकसभा सीटें जीतेंगे बल्कि ओडिशा में सरकार भी बनाएंगे। बीजद के महिला वोट बैंक पर मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए चौहान ने कहा कि एसएचजी योजना के तहत केवल प्रचार किया जाता है। लाभार्थियों को लाभ नहीं मिल रहा है, क्योंकि नवीन बाबू के अधिकारी केवल ब्रांडिंग कर रहे हैं, कोई काम नहीं कर रहे हैं।

अकेले दम पर लड़ेंगे चुनाव

बीजद के साथ कथित सांठगांठ के सवाल पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बीजेपी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और ओडिशा में भी जीतेगी।

Share this news