-
अटकलों ने ओडिशा में छेड़ी एक बहस
भुवनेश्वर। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान के साल 2024 में चुनाव लड़ने की संभावना है। कुछ राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के बाद इस तरह की अटकलों ने ओडिशा में एक बहस छेड़ दी है। खबरों के अनुसार, प्रधान ने पहले ही पार्टी से आगामी 2024 में चुनाव लड़ने का अनुरोध किया है। हालांकि, इस बात पर कोई स्पष्टता नहीं है कि प्रधान आगामी 2024 में वह लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र के लिए चुनावी लड़ाई के मैदान में उतरेंगे। हालांकि इस मामले में प्रधान की प्रतिक्रिया नहीं आयी है।
उल्लेखनीय है कि प्रधान वर्तमान में राज्यसभा में सांसद के रूप में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। इससे पहले वह बिहार से उच्च सदन के लिए चुने गए थे। प्रधान आखिरी बार 2004 में देवगढ़ से लोकसभा के लिए चुने गए थे। भाजपा सरकार में प्रमुख पदों पर रहने के अलावा, प्रधान क्रमशः बिहार और मध्य प्रदेश से दो-दो कार्यकाल के लिए राज्यसभा के सदस्य के रूप में चुने गए हैं।
इस बीच, ओडिशा भाजपा अध्यक्ष समीर मोहंती ने कहा कि अगर प्रधान ओडिशा से चुनाव लड़ते हैं तो यह राज्य इकाई के लिए बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान न केवल भाजपा के नेता हैं, बल्कि वे वर्षों से ओडिशा के हित के लिए काम कर रहे हैं। हम इस तरह के फैसले का स्वागत करते हैं और इससे ओडिशा में पार्टी को काफी फायदा होगा और यह राज्य के हित में होगा।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
