-
आवश्यक सेवाओं से संबंधित विभागों को भी अलर्ट पर रखा गया
-
गंजाम, पुरी, खुर्दा, जगतसिंहपुर, भद्रक, केंद्रापड़ा और बालेश्वर के जिलाधिकारी को एसआरसी ने लिखा पत्र
-
एनडीआरएफ समेत कई विभागों को भी मौसम विभाग की सूचना से कराया अवगत
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी पर बनने वाले चक्रवात को लेकर ओडिशा में सात जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पूरी संभावना है कि यह चक्रवात ओडिशा में लैंडफाल करेगा। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। राज्य सरकार ने इससे निपटने को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। जिन सात जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, उनमें गंजाम, पुरी, खुर्दा, जगतसिंहपुर, भद्रक, केंद्रापड़ा और बालेश्वर जिले शामिल हैं। इसके साथ ही आवश्यक सेवाओं से संबंधित विभागों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
राज्य के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) प्रदीप कुमार जेना ने आज ओडिशा के सात जिलों के जिलाधिकारियों को आने वाले चक्रवाती तूफान के बारे में सतर्क किया।
एसआरसी ने गंजाम, पुरी, खुर्दा, जगतसिंहपुर, भद्रक, केंद्रापड़ा और बालेश्वर के जिलाधिकारियों को मौसम की रिपोर्ट के मद्देनजर हाई अलर्ट बनाये रखने के लिए लिखा है।
इसके साथ ही एसआरसी ने राजस्व मंडल आयुक्त (आरडीसी), अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था), महानिरीक्षक (अग्निशमन सेवा), मुंडली में एनडीआरएफ कमांडेंट और ओएसडीएमए के कार्यकारी निदेशक, मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विकास विभाग के आयुक्त-सह-सचिव, कृषि एवं किसान अधिकारिता विभाग के सचिव, कृषि और खाद्य उत्पादन निदेशक, नगर प्रशासन और ईआईसी के निदेशक तथा जल संसाधन विभाग को भी मौसम विभाग की रिपोर्ट से अवगत कराया गया है।
अगले 24 घंटे में बनेगा निम्न दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी अंडमान समुद्र और आस-पड़ोस पर चक्रवाती परिसंचरण बन रहा है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पूर्व और इससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
24 को बनेगा चक्रवात
कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा तथा 22 अक्टूबर की सुबह तक खाड़ी के ऊपर एक अवसाद में केंद्रित होने की संभावना है। इसके बाद के 48 घंटों के दौरान यानि 24 अक्टूबर तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होगा और तीव्र भी होने की संभावना है।
ओडिशा तट पर तेज बहेगी हवा
एसआरसी ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट पर 22 अक्टूबर से 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। झोंकों की गति 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हो सकती है।
22 अक्टूबर से समुद्र में न जाये मछुआरे
एसआरसी ने मछुआरों को 22 अक्टूबर से पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तरी बंगाल की खाड़ी के गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने मछुआरों को 22 अक्टूबर तक तट पर लौटने की सलाह भी दी।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
