Home / Odisha / चक्रवात से फिर होगा सामना

चक्रवात से फिर होगा सामना

  •  निम्न दबाव के क्षेत्र की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने जतायी संभावना

  •  22 को चक्रवाती तूफान का रूप धरेगा निम्न दबाव का क्षेत्र, 23 से होगी बारिश

  •  ओडिशा में निपटने को लेकर तैयारी बैठक आयोजित

भुवनेश्वर। अक्टूबर महीने में एक बार फिर चक्रवात से सामना होने की संभावनाएं बढ़ गयी हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अटकलों पर विराम लगाते हुए मंगलवार को साफ कहा कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव के क्षेत्र के चक्रवात में तब्दील होने
पूरी संभावना है। अगले कुछ दिनों में बंगाल की खाड़ी के ऊपर इस चक्रवाती तूफान के बनने की संभावना है। इसके प्रभाव में ओडिशा में 23 से बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर कल का चक्रवाती परिसंचरण 20 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व और इससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील होगा। इसके आगे बढ़ने के साथ ही 22 अक्टूबर के आसपास मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक दबाव का क्षेत्र बन जायेगा। इसके बाद यह चक्रवात का रूप धरेगा।
22 अक्टूबर से बहेगी तेज हवा
मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव के प्रभाव में 22 अक्टूबर की सुबह से पश्चिम-मध्य से सटे पश्चिम-मध्य के गहरे समुद्र क्षेत्रों में सतही हवा की गति 45 से 55 किमी प्रति घंटे की होगी तथा झोंके की गति 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
मौसम के बिगड़ते मिजाज और समुद्र की अशांत स्थिति को भांपते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 22 अक्टूबर की सुबह से अगली सूचना तक पश्चिम-मध्य से सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के गहरे समुद्र के क्षेत्रों में न जायें।
आईएमडी के ट्विट के बाद तैयारियां शुरू
भुवनेश्वर स्थित आईएमडी के क्षेत्रीय केंद्र ने आज ट्वीट किया कि बनने वाले निम्न दबाव के क्षेत्र के पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने और तेज होने की संभावना है। इस ट्विट के बाद प्रशासनिक स्तर पर इससे निपटने को लेकर तैयारियां शुरू हो गयीं। संभावित चक्रवात के आईएमडी के पूर्वानुमान के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने शाम 4 बजे एक आपातकालीन बैठक बुलाई।
जिलाधिकारी अलर्ट पर
संभावित चक्रवात को लेकर ओडिशा सरकार ने आज जिलाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) द्वारा आज बुलाई गई आपात बैठक में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने वाले संभावित चक्रवात के मद्देनजर जिला कलेक्टरों को सतर्क रहने के स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं।
सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
ओएसडीएमए के कार्यकारी निदेशक ज्ञान दास ने बताया कि कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गईं है और उन्हें मुख्यालय में मौजूद रहने को कहा गया है। सरकार की ओर से आपात स्थिति से निपटने के लिए हर संभव कदम उठाये जा रहे हैं।

Share this news

About desk

Check Also

‘Coming home’: World champions India board flight; Rohit posts photo with trophy

The T20 World Cup-winning Indian cricket team finally departed for Delhi aboard a charter flight …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *