Home / Odisha / ओडिशा में मार्च से मिलेगी 5-जी की सेवाएं

ओडिशा में मार्च से मिलेगी 5-जी की सेवाएं

  •  केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की घोषणा

भुवनेश्वर। मार्च 2023 तक ओडिशा में बहुप्रतीक्षित 5-जी नेटवर्क सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह जानकारी केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को दी। भुवनेश्वर में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेते हुए रविवार को उन्होंने कहा कि राज्य में अगले साल तक 5-जी सेवाएं उपलब्ध करा दी जायेंगी। उन्होंने बताया कि मार्च, 2023 के अंत तक ओडिशा के आठ शहरों को 5-जी नेटवर्क प्राप्त होगा। यह सेवा पहले चरण में उपलब्ध होगी। साल 2023 के अंत तक राज्य के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से को कवर कर लिया जायेगा। सभी बड़े शहरों को चरण-1 में शामिल किया जायेगा और बाद में सेवा को छोटे और ग्रामीण क्षेत्रों में विस्तारित किया जायेगा। वैष्णव ने कहा कि 5-जी सेवा के पहले चरण के शुभारंभ के लिए निर्धारित समय मार्च, 2023 है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 अक्टूबर को नई दिल्ली के प्रगति मैदान में छठे इंडिया मोबाइल कांग्रेस के अवसर पर 5-जी सेवा की शुरुआत की थी। शुरुआती चरण में, अहमदाबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, गांधीनगर, गुरुग्राम, हैदराबाद, जामनगर, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, दिल्ली और मुंबई जैसे 13 शहरों में बहुप्रतीक्षित नेटवर्क लॉन्च किया गया है।
एक बार लॉन्च होने के बाद यूजर्स को 4-जी से 10 गुना ज्यादा और 3-जी से 30 गुना ज्यादा स्पीड से सर्विस मिलेगी। जानकारों के मुताबिक स्पीड 100 गुना तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही, उपयोगकर्ताओं को अब डाउनलोडिंग की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि 5-जी डाउनलोड की गति को बढ़ायेगा। उदाहरण के लिए यदि किसी फाइल को 2-जी नेटवर्क में डाउनलोड करने में 56 घंटे, 3-जी नेटवर्क में दो घंटे और 4-जी नेटवर्क में 40 मिनट का समय लगता है, तो 5-जी नेटवर्क में केवल 35 सेकेंड का समय लगेगा। इससे आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि डिजिटल लाइफ कितनी तेजी से आगे बढ़ने वाली है।

Share this news

About desk

Check Also

भरतपुर थाना मामले में न्यायिक आयोग ने हलफनामे मांगे

आयोग ने अधिसूचना जारी की शिकायतकर्ता, पुलिस और आम जनता समेत अन्य हितधारकों से खुले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *