Home / National / आंध्र प्रदेश को विकसित भारत का बनाएंगे ग्रोथ इंजन : प्रधानमंत्री

आंध्र प्रदेश को विकसित भारत का बनाएंगे ग्रोथ इंजन : प्रधानमंत्री

  •  प्रधानमंत्री 21 जून को आंध्र प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के अमरावती में 58 हजार करोड़ रुपये की सड़क, रक्षा, रेलवे और औद्योगिक अवसंरचना के विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं आंध्र प्रदेश की आकांक्षाओं और विकसित भारत की आशाओं का मजबूत आधार हैं।
आंध्र प्रदेश के लोगों को बधाई देने के लिए तेलुगु में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अमरावती सिर्फ़ एक शहर नहीं है बल्कि यह एक शक्ति है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि शुरू की गई परियोजनाएं आंध्र प्रदेश की महत्वाकांक्षाओं और विकसित भारत के व्यापक दृष्टिकोण दोनों के लिए एक मज़बूत नींव रखेंगी। स्वर्ण आंध्र विकसित भारत की राह को मजबूत करेगा और अमरावती स्वर्ण आंध्र के विजन को ऊर्जा देगी। अमरावती एक ऐसा शहर बनने जा रहा है जहां युवाओं के सपने पूरे होंगे। अमरावती सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा, स्वच्छ उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में एक अग्रणी शहर के रूप में उभरेगा। केंद्र सरकार इन क्षेत्रों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा प्रदान करने के लिए राज्य सरकार को सभी प्रकार की सहायता प्रदान कर रही है।
प्रधानमंत्री ने संयुक्त आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नंदमुरी तारक रामाराव को याद करते हुए कहा कि एनटीआर गारु ने एक जीवंत और विकसित आंध्र प्रदेश का सपना देखा था। हमें मिलकर अमरावती और आंध्र प्रदेश को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाना है। एनटीआर गारु के सपने को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने अपने भौतिक, डिजिटल और सामाजिक बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष बल दिया है। भारत आज दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां का इंफ्रास्ट्रक्चर तेज गति से आधुनिक हो रहा है। इसका फायदा आंध्र प्रदेश को भी मिल रहा है। आज भी राज्य में हजारों करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ है।

प्रधानमंत्री ने दुनिया के विकसित देशों में रेलवे की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने रेलवे में उल्लेखनीय परिवर्तन किए हैं। सरकार ने रेलवे के लिए रिकॉर्ड धनराशि आवंटित की है। वर्ष 2009 से 2014 के बीच आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का संयुक्त रेल बजट 900 करोड़ रुपये से भी कम था। इसके विपरीत आज अकेले आंध्र प्रदेश का मौजूदा रेल बजट 9,000 करोड़ रुपये से भी अधिक है जो कि दस गुना से भी अधिक है।

उन्होंने कहा कि आज भारत की ताकत केवल हथियार ही नहीं हैं बल्कि हमारी एकता भी है। एकता का यही भाव हमारे यूनिटी मॉल (एकता मॉल) में मजबूत होता है। देश के अनेकों शहरों में एकता मॉल बनाए जा रहे हैं। विशाखापट्टनम में भी एकता मॉल बनेगा। इसमें देशभर के कारीगरों और हस्तशिल्पियों के उत्पाद एक ही छत के नीचे मिलेंगे। ये देश को जोड़ने के साथ ही लोकल इकोनॉमी को गति देगा।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के अनुरोध पर प्रधानमंत्री मोदी ने 21 जून को विशाखापत्तनम में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेने पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रमुख कार्यक्रम 21 जून को आंध्र प्रदेश में होगा। वह स्वयं इस दिन आंध्र के लोगों के साथ योग करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में योग के प्रति आकर्षण है। इस बार पूरी दुनिया 21 जून को आंध्र की तरफ देखेगी।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

उन्नत नैदानिक ​​देखभाल, उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान उत्कृष्टता को एकीकृत करता है एम्स: जेपी नड्डा

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को कहा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *