नई दिल्ली, पर्यटन मंत्रालय 26 से 31 जनवरी तक लाल किले के लॉन में छह-दिवसीय मेगा इवेंट “भारत पर्व” आयोजित करेगा। इस पर्व में कार्यक्रम स्थल पर गणतंत्र दिवस परेड की कुछ बेहतरीन झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके साथ क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों के साथ-साथ राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की सांस्कृतिक मंडलियों द्वारा सांस्कृतिक प्रदर्शन, एक अखिल भारतीय फूड कोर्ट और 65 हस्तकला स्टालों के साथ अखिल भारतीय शिल्प बाजार इस कार्यक्रम का हिस्सा होगा।
इस आयोजन के लिए पर्यटन मंत्रालय को नोडल मंत्रालय बनाया गया है। मंत्रालय के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्घाटन 26 जनवरी को शाम साढ़े पांच बजे होगा। इस पर्व में लोग 27 से 31 जनवरी तक दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक इसका आनंद ले सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि साल 2016, 2017, 2018, 2019 और 2020 (वर्ष 2021 में वर्चुअल) में लाल किले के सामने लॉन और ज्ञान पथ पर भारत पर्व आयोजित किया गया था। लाल किले के सामने लॉन और ज्ञान पथ पर 2 साल के अंतराल के बाद फिजिकल इवेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में फूड फेस्टिवल, हस्तशिल्प मेला, लोक और आदिवासी नृत्य प्रदर्शन, सांस्कृतिक मंडलियों द्वारा प्रदर्शन, गणतंत्र दिवस झांकी का प्रदर्शन, लाल किले की प्रकाश सज्जा आदि शामिल होंगे।
साभार- हिस
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
