Home / National / विश्वनाथ कॉरिडोर लोकार्पण से मकर संक्रांति तक पूरे प्रदेश को मथेगी भाजपा
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

विश्वनाथ कॉरिडोर लोकार्पण से मकर संक्रांति तक पूरे प्रदेश को मथेगी भाजपा

  • प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव ने इस दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की दी जानकारी

लखनऊ,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 13 दिसम्बर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर लोकर्पण अवसर पर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) प्रदेश भर में दिव्य काशी भव्य काशी अभियान चलाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने बुधवार को यहां पार्टी दफ्तर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि काशी की महिमा और महत्ता और समृद्ध होने जा रही है। विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘दिव्य काशी-भव्य काशी’ के सपने को साकार कर रहे हैं। भारतीयों के लिए यह बहुत बड़ा अवसर है।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक प्राचीन धार्मिक नगरी काशी विश्वनाथ धाम के सौंदर्यीकरण तथा समग्र विकास के अद्भुत कार्यों का प्रधानमंत्री मोदी 13 दिसम्बर को लोकार्पण कर रहे हैं। भगवान शिव के त्रिशूल पर बसी काशी नगरी के पुररूद्धार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो संकल्प लिया था, वह काशी विश्वनाथ धाम के रूप में अगले सप्ताह मूर्त रूप लेने वाला है।

इस दिन देश भर से धर्माचार्य, साधुसंत, प्रबुद्धजन, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री श्रद्धालुगण प्रत्यक्ष रूप से काशी में इस भव्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के अनोखे तादात्म्य, सामाजिक समरसता, अंखडता और एकता का प्रतीक होगा।
स्वतंत्रदेव ने बताया कि इस कालजयी कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी स्तर पर कई कार्यक्रमों की रचना की है। यह कार्यक्रम एक महीनें तक पूरे देश में आयोजित किये जाएगें। 13 दिसम्बर से शुरू होकर मकर संक्रान्ति 14 जनवरी 2022 तक चलेंगे। पार्टी के सभी जन-प्रतिनिधि इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कई कार्यक्रमों की शुरुआत पहले ही हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि भाजपा के 27 हजार 700 शक्तिकेन्द्रों, शिवालय तथा प्रमुख मठ मंदिरों में व्यवस्थित रूप से स्क्रीन लगा कर 13 दिसम्बर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। इसमें पार्टी कार्यकर्ता श्रद्धालुओं, प्रबुद्धजनों, पुजारियों, महंतो तथा साधु-संतो के साथ भाग लेंगे। प्रदेश के सभी गांवों में भी इस कार्यक्रम के सीधा प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। इसमें गांव के लोगों के साथ पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस दिन सभी जिलों में किसी न किसी मंदिर, मठ, आश्रम या अन्य धार्मिक स्थल पर कार्यक्रम आयोजित होगा। उसमें साधु-संतों धर्माचार्यों, प्रबुद्धजनों, पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में ‘‘दिव्य काशी-भव्यकाशी‘‘ पर साहित्य भी दिया जाएगा। भाजपा इस दौरान धर्माचार्यों एवं साधु-संतों को सम्मानित भी करेगी।
इसके लिए आज से पार्टी ने प्रदेश के सभी 1918 सांगठनिक मंडलों में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। यह अभियान 12 दिसंबर तक चलेगा। इसके तहत सभी प्रमुख मंदिरों, मठों, आश्रमों, धार्मिक स्थलों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें प्रमुख पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता व जनप्रतिनिधि समलित होंगे। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में स्वच्छता कार्यक्रम की शुरूआत पांच दिसम्बर को ही हो चुकी है। यह 12 दिसम्बर तक चलेगा। काशी के हर वार्ड में स्वच्छता अभियान व्यापक रूप से चल रहा है। 13 दिसम्बर के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए आठ दिसम्बर से संवाद कार्यक्रम शुरू किया गया है। 12 दिसम्बर तक चलेगा। इसमें महानगर एवं काशी जिला से 300 वालंटियरों की टीम तैयार की गई है। भजन मंडली भी बनाई गई है।

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के अवसर पर 12,13 और 14 दिसम्बर को प्रदेश के लोग दीपक जलाकर अपने घरों में भगवान शिव का आह्वान करेंगे। भाजपा प्रत्येक गांव, नगर और शहर में दीपोत्सव के लिए अभियान चलाएगी। इसे सफल बनाने के लिए दीप व्यवस्था कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी बूथ स्तरीय सम्पर्क करेगी और दीप वितरण की व्यवस्था देखेगी।
12 से 14 दिसंबर तक काशी में लेजर शो, आतिशबाजी के साथ रोशनी से समस्त मंदिर, शहर की गलियां, चौराहे और अन्य सार्वजनिक स्थान रोशनी से नहाएंगे। श्रीकाशी विश्वनाथ के लोकार्पण के दिन सभी नावें सजेंगी। नाव पर लाइट की भी व्यवस्था होगी। काशी में लाइटिंग व्यवस्था (12 से 14 दिसम्बर) को चुस्त-दुरस्त बनाने के लिए एक बड़ी योजना उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई है। पार्टी संगठन भी इसमें सहयोग करेगा।

स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया कि 14 दिसम्बर को पार्टी के वर्तमान मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी.एल.संतोष शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी तरूण चुग व सह प्रभारी आशीष सूद हैं। सभी मुख्यमंत्री/उपमुख्यमंत्री का तीन दिन का धार्मिक व सांस्कृतिक (दिनांक 13, 14 और 15 दिसम्बर ) प्रवास भी होगा। सभी 13 दिसम्बर की दोपहर काशी पहुंचेंगे।
उनहोंने बताया कि 17 दिसम्बर को केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय एवं उत्तर प्रदेश सरकार का शहरी विकास मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में महापौरों का सम्मेलन काशी में किया जाएगा। 23 दिसम्बर को काशी में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए एक महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश के कृषि वैज्ञानिक, उन्नत किसान सहित कृषि विशेषज्ञ भाग लेंगे। इसे प्रधानमंत्री सम्बोधित करेंगे। भाजपा के किसान मोर्चा की तरफ से सभी मंडलों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सभी मंडलों पर स्क्रीन लगाई जाएगी। उसमें मंडल के किसान तथा कृषि वैज्ञानिक शामिल होगें। इस कार्यक्रम में मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं तथा उपलब्धियों का पत्रक भी वितरित किया जाएगा। मंडल स्तर पर किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों से प्राकृतिक खेती के संबंध में मिले सुझावों को किसान मोर्चा लिपिबद्ध करेगा और इन सुझावों पर मंथन कर इसे आगे भेजा जाएगा।

काशी में ‘‘दिव्य काशी-भव्यकाशी‘‘ के संबंध में सरकारी पुस्तिका और प्रसाद का वितरण पांच लाख घरों में किया जाएगा। 12 जनवरी 2022 को स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर काशी में युवा सम्मेलन का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम को करने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन प्रदेश व जिला स्तर पर किया गया है।
साभार-हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

आंध्र प्रदेश में ओडिशा के 6 प्रवासी मजदूरों की मौत, 3 घायल

खदान में हुआ दर्दनाक हादसा काम करते समय भारी ग्रेनाइट की चट्टान अचानक गिरी मजदूरों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *