बैंकॉक। कंबोडिया के थाईलैंड में आज किए हवाई हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हो गए। मृतकों में एक आठ वर्षीय बच्चा भी शामिल है। रॉयल थाई आर्मी ने दावा किया है कि कंबोडिया ने थाई नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया है।
थाईलैंड के अखबार बैंकॉक पोस्ट ने रॉयल थाई आर्मी के हवाले से खबर में बताया है कि गुरुवार दोपहर 2ः15 बजे कंबोडियाई सेना ने नागरिक क्षेत्रों में गोलाबारी की। इस गोलीबारी में सूरिन में आठ साल के एक लड़के समेत दो नागरिक मारे गए। चार नागरिक और पांच सैनिक घायल हो गए। वहीं, उबोन रत्चथानी में एक नागरिक की मौत हो गई। चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सिसाकेत में 15 साल के एक लड़के समेत आठ नागरिक मारे गए। 15 लोग घायल हो गए। इस हमले में एक सैनिक की भी मौत हो गई। हमला प्रभावित इन क्षेत्रों में आवासीय, कृषि संपत्ति और पशुधन को भी नुकसान पहुंचने की खबरें हैं।
देश के जन स्वास्थ्य मंत्री सोमसाक थेपसुथिन ने कंबोडिया के हमलों को अमानवीय और थाईलैंड की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया है। सोमसाक ने कहा कि सरकार इस आक्रमण का जवाब देगी। सेना ने थाईलैंड की संप्रभुता की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। थाईलैंड के अनेक गांव कंबोडिया के रॉकेट हमले से प्रभावित हुए हैं। लगभग 40,000 निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रांतीय गवर्नर वत्थाना फुथिचाट ने बताया कि सी सा केत में बान फुए के एक पेट्रोल पंप पर स्थित सुपरमार्केट में कंबोडियाई रॉकेट गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य नागरिक घायल हो गए। फायर एंड रेस्क्यू थाईलैंड ने बताया कि सुपरमार्केट में मारे गए दोनों छात्र हैं।
थाई और कंबोडियाई सैनिकों के बीच आज सीमा से लगे कई इलाकों में झड़पें हुईं हैं। दोनों पक्षों ने छोटे हथियारों, तोपों और रॉकेटों से गोलीबारी की है। थाई रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सुरसंत कोंगसिरी ने बताया कि सीमा से लगे कम से कम छह इलाकों में लड़ाई छिड़ी हुई है। झड़पों की शुरुआत बुधवार को सीमा पर हुए एक बारूदी सुरंग विस्फोट से हुई। तनाव को देखते हुए बैंकॉक को कंबोडिया से अपने राजदूत को वापस बुलाना पड़ा और कंबोडिया के राजदूत को निष्कासित करना पड़ा। थाईलैंड के विदेश मंत्रालय ने कहा कि कंबोडिया से लगने वाली सभी जमीनी सीमाएं सील कर दी गई हैं। सीमा के पास बसे गांवों को खाली करा दिया गया है। मंत्रालय ने सभी थाई नागरिकों से कंबोडिया छोड़ने का आग्रह किया है। दक्षिण-पूर्व एशियाई पड़ोसियों के बीच लंबे समय से सीमा विवाद चल रहा है।
साभार – हिस
