Home / Odisha / योगी का तंजः बीजद लड़ रही 21 सीट पर और सपना देख रही सरकार बनाने का

योगी का तंजः बीजद लड़ रही 21 सीट पर और सपना देख रही सरकार बनाने का

  • कहा- जनता ही बीजद को दे रही है जवाब, जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे

पुरी। यूपी के सीएम योगी ने कहा कि अब तक 12 राज्यों में दौरा किया हूं, हर जगह से यही आवाज आ रही है कि फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार-400 पार। वे यहां की 21 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए यह नारा सुनते ही बीजू जनता दल के नेताओं को चक्कर आने लगता है। यह लोग केंद्र में सरकार नहीं बना पाएंगे। इन्हें जिताकर कोई फायदा नहीं, इसलिए जनता ही बीजद को जवाब देती है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। पूरे देश में जश्न है, क्योंकि पांच सदी के बाद प्रभु राम ने अपना जन्मदिन अयोध्या में मनाया और होली भी खेली। नया भारत विरासत और विकास की यात्रा लेकर चल रहा है।

नौकरशाहों से घिरी है बीजद सरकार

योगी ने आरोप लगाया कि बीजू जनता दल नौकरशाहों से घिरी सरकार है। जब नौकरशाही सरकार को घेरती है तो वह तानाशाही को जन्म देती है। जनता से उसका कोई वास्ता नहीं होता है। वहां भ्रष्टाचार पनपता है, गरीब के हक पर डकैती पड़ती है। लैंड और सैंड माफिया के आगे प्रशासनिक तंत्र विफल हो जाता है। किसी नौकरशाह को इतनी स्वतंत्रता नहीं देना चाहिए कि वह सत्ता का संचालन करने लग जाए। सत्ता का संचालन संसदीय लोकतंत्र में जनता की ओर से चुने गए जनप्रतिनिधि के ही माध्यम से होना चाहिए। यही सही लोकतंत्र का प्रतीक है। एक ओर यहां की सरकार उड़िया परंपरा व संस्कृति का मखौल उड़ा रही है, वहीं दूसरी ओर इंडी गठबंधन देश में जनविरोधी कार्य कर रही है।

कोलकाता हाईकोर्ट के फैसले पर जताया आभार

योगी ने कोलकाता हाईकोर्ट का आभार जताया। बोले कि तृणमूल सरकार ने 2010 से लगातार मुस्लिमों को ओबीसी जाति में जबरन शामिल कर ओबीसी आरक्षण में घुसपैठ करने का षडयंत्र किया था। कोलकाता हाईकोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस सरकार के सभी फैसले को पलट दिया और कहा कि भारत के अंदर धर्म के अंदर आरक्षण नहीं हो सकता। इस पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का मंतव्य ही आखिरी है। हमें संविधान की भावना का पालन करना चाहिए। धार्मिक आधार पर आरक्षण संविधान की मूल भावना के विपरीत है। भारतीय मूल के पिछड़ी, अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों को ही आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए।

इंडी गठबंधन के घटक दलों का आचरण भारत विरोधी

योगी ने कहा कि कांग्रेस,  बीजद, तृणमूल कांग्रेस व इंडी गठबंधन से जुड़े दल तुष्टिकरण की पराकाष्ठा पर चढ़ गए हैं। यह कहीं स्वामी लक्ष्मणानंद के हत्यारों को संरक्षण देते हैं तो कहीं पिछड़ी, अनुसूचित जाति व जनजाति के आरक्षण पर घुसपैठ करना चाहते हैं। इन दलों के गठबंधन का आचरण भारत विरोधी है। इनकी नीतियां अराजकता, भ्रष्टाचार, मतांतरण, आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली है। इनका घोषणा पत्र मुस्लिम लीग का लगता है। यह लोग विरासत टैक्स की वकालत करते हैं।

लहर अब सुनामी बनी, अयोध्या जैसा होगा पुरी का कायाकल्प

योगी ने कहा कि भाजपा की लहर सुनामी बन चुकी है। चार जून को अबकी बार 400 पार का लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि संबित पात्र की विजय से जगन्नाथ पुरी की कायाकल्प ऐसी ही होगी, जैसी अयोध्या व काशी का हुआ है। जब डबल इंजन की सरकार काम करती है, तो विकास बुलेट स्पीड से आगे बढ़ता है। संबित पात्र भारत की सुरक्षा, सम्मान, विकास, गरीब कल्याण के साथ प्रभावी ढंग से अपनी बातें रखते हैं।

आध्यात्मिक भूमि को प्रणाम कर आमजन से जुड़े गोरक्षपीठाधीश्वर

गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुरी से आध्यात्मिक रूप से जुड़े। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा की कृपा भूमि को प्रणाम किया। बोले कि महाप्रभु जगन्नाथ और महाभगवती के इस आंगन, शहीदों की क्रांति धरा पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की धरा अयोध्या और लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण की पावन मथुरा से आया हूं। पुरी सनातन धर्मावलंबियों के लिए पावन नगरी है। जगन्नाथ पुरी सप्तपुरियों में से एक है। भगवान आदि शंकराचार्य ने जो चार पीठ स्थापित किए हैं, उसमें से एक पुरी है। पुरी के बिना भारत की सनातन परंपरा की कल्पना भी नहीं की जा सकती है।

जनसभा में छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, चिल्का के पूर्व विधायक विभूति भूषण हरिचंदन, लोकसभा संयोजक शंकर,  जिलाध्यक्ष डॉ देबेंद्रनाथ टीराय,  विधानसभा प्रभारी विकास पटनायक, विधानसभा संयोजक दुष्यंत हरिचंदन, अमरेंद्र राणा सिंह आदि मौजूद रहे।

Share this news

About desk

Check Also

कोरापुट जिले में भूस्खलन में तीन महिलाओं की मौत

मूरम खोदने के दौरान हुआ हादसा कई अन्य बाल-बाल बचे कोरापुट। कोरापुट जिले के कोलाब …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *