Home / Odisha / धान की खरीद में अव्यवस्था को लेकर विधानसभा में हंगामा, सदन स्थगित

धान की खरीद में अव्यवस्था को लेकर विधानसभा में हंगामा, सदन स्थगित

  •  राज्य सरकार ने  की है धान की खरीद को लेकर उचित व्यवस्था – खाद्य आपूर्ति मंत्री

  • धान की बिक्री की समस्या के बारे में जानकारी लेने के लिए कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम गठित

भुवनेश्वर- पश्चिम ओडिशा में मंडियों में किसानों से धान की खरीद को लेकर अव्यवस्था को लेकर विधानसभा में सोमवार को हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायकों के हंगामें के कारण विधानसभा की कार्यवाही चल नहीं सकी। विधानसभा अध्यक्ष सूर्य नारायण पात्र ने 10.34 बजे सदन को दोपहर तीन बजे तक स्थगित कर दिया। सोमवार को निर्धारित कार्यसूची के अनुसार, सुबह 10.30 बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरु हुई।  विधानसभा अध्यक्ष ने प्रश्नकाल का कार्यक्रम शुरू करने के लिए विधायक व्योमकेश राय द्वारा पूछे गये सवाल के उत्तर देने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से गृह विभाग के राज्य मंत्री कैप्टन दिव्यशंकर मिश्र को बुलाया। मिश्र ने अपना उत्तर पढ़ना शुरू किया, लेकिन पश्चिम ओडिशा में धान की खरीद को लेकर गतिरोध का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस विधायकों ने अपनी-अपनी सीट पर खड़े होकर नारेबाजी की। कांग्रेस विधायक सुरेश राउतराय व संतोष सिंह सालुजा ने कहा कि किसानों के समस्या को लेकर उन्होंने कार्यस्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के लिए नोटिस दी थी, जिसे अस्वीकार कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष सूर्य़ नारायण पात्र ने उनसे कहा कि प्रश्नकाल को चलाने में सहयोग करें। शून्यकाल में यह मुद्दा उठायें, लेकिन कांग्रेस विधायक सदन के बीच में आकर नारेबाजी करने लगे। कुछ विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष के टेबल पर चढ़ने का प्रयास किया। सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें रोका।  हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को 10.34 बजे सदन को दोपहर तीन बजे तक स्थगित कर दिया।  भाजपा के विधायक विधानसभा के अंदर नहीं पहुंचे। स्मितारानी मामले में उन्हें बोलने की अनुमति न दिये जाने के खिलाफ वे गांधी मूर्ति के नीचे धरने पर बैठे रहे।

 राज्य सरकार ने  की है धान की खरीद को लेकर उचित व्यवस्था – खाद्य आपूर्ति मंत्री

राज्य सरकार ने धान की खरीद को लेकर उचित व्यवस्था की है। सरकार की ओर से धान की खरीद को लेकर टोकन की व्यवस्था की गई है। अभी तक 12 लाख किसानों का पंजीकरण किया गया है। राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री रणेन्द्र प्रताप स्वाई ने यह बात कही। पश्चिम ओडिशा में किसानों को धान की बिक्री में  आ रही समस्या के सवाल पर प्रतिक्रिय़ा व्यक्त करते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि किसी के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। जो सही किसान हैं, उनके हितों की रक्षा के लिए सरकार सजग है।

धान की बिक्री की समस्या के बारे में जानकारी लेने के लिए कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम गठित

पश्चिम ओडिशा में किसानों को धान की बिक्री को लेकर आ रही समस्याएं, कम कीमत पर धान बेचने के लिए किसानों की मजबूरी आदि के बारे में जानकारी लेने के लिए कांग्रेस ने एक फैक्ट फाइंडिग टीम का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निरंजन पटनायक द्वारा गठित यह कमेटी शीघ्र पश्चिम ओडिशा का दौरा करेगी तथा किसानों से बात करेगी। इसके बाद इस संबंध में रिपोर्ट तैयार करने के बाद इसे पार्टी को प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेगी। इस कमेटी में सत्यभूषण साहू, समरेन्द्र मिश्र, सुधीर कुमार परिछा, गोविंद मिश्र को शामिल किया गया है, जबकि कांग्रेस किसान सेल के अध्यक्ष अमीय पटनायक को इस कमेटी का संयोजक नियुक्त किया गया है।

Share this news

About desk

Check Also

cm naveen-01 नवीन पटनायक

नवीन पटनायक तूफानी दौरे में बरसे, विपक्ष बहा रहा घड़ियाली आंसू

कहा- सभी पार्टियां कर रही हैं झूठा प्रचार चार जिलों में चलाया मैराथन चुनावी अभियान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *