Home / National / महिला, युवा, किसान व गरीब के विकास से विकसित देश बनेगा भारतः जेपी नड्डा
JP NADDA

महिला, युवा, किसान व गरीब के विकास से विकसित देश बनेगा भारतः जेपी नड्डा

  •  महिला हॉफ मैराथन कार्यक्रम में शामिल हुए भाजपा अध्यक्ष नड्डा, योगी, भूपेन्द्र चौधरी

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रविवार को यहां केंद्रीय राज्यमंत्री एवं मोहनलालगंज के सांसद कौशल किशोर की ओर से आयोजित महिला हॉफ मैराथन कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की चार जातियों महिला, युवा, किसान और गरीबों के लिए कार्य किया जा रहा है। इन्हीं के विकास से देश विकसित भारत बनेगा। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत समूचे विपक्ष पर भी हमला बोला।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि महिला सशक्तीकरण के इस हॉफ मैराथन के शुभारंभ में मैं शामिल हो रहा हूं। आज की नौजवान पीढ़ी के लिए यह ऐतिहासिक समय है। अमृतकाल का समय है। पिछले 75 सालों में और उससे पहले जिन लोगों ने आजादी के लिए और देश के विकास में जिन लोगों ने योगदान दिया, उन्हें याद किया गया। विकसित भारत का संकल्प लिया गया। उसी का आधार है कि हम आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।
नड्डा ने कहा कि जब हम विकसित भारत की बात करते हैं तो गांव, गरीब, महिला, किसान और युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करना होगा। इसीलिए हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि केवल चार ही जातियां हैं। महिला, युवा, किसान और गरीब। अगर हम इन्हें तातक देते हैं तो हमें विकसित भारत होने से कोई नहीं रोक सकता। मुद्रा योजना, पीएम आवास, उज्ज्वला योजना, पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं हैं। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने योजनाओं को जमीन पर उतारने का बखूबी काम किया है।

यह योजनाएं हमारे गरीब भाइयों को ताकत देती हैं। 80 करोड़ लोगों को गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ दिया जा रहा है। मोदी के प्रयास का ही नतीजा है कि आज साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। पिछले एशियन गेम्स में भारत ने रिकार्ड संख्या में मेडल हासिल किया है। अब दुनिया भर में आयोजित होने वाले खेल आयोजनों में इंडिया का नहीं बल्कि भारत के गांव का खिलाड़ी प्रतिनिधित्व करेगा। आज खिलाड़ियों को अच्छी सुविधाएं दी जा रही हैं।
नड्डा ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को गुंडों वाला प्रदेश कहा जाता था। यह कहना अच्छा नहीं लगता। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। उप्र बीमारू राज्य में शामिल था। आज मैं कह सकता हूं कि मोदी की प्रेरणा से योगी के नेतृत्व में उप्र अग्रणी राज्य के रूप में गिना जाता है। उन्होंने कहा कि आज देखा कि ऊपर हाई-वे और नीचे मेट्रो। हर ओर विकास ही विकास है। इस विकास के लिए और मोदी सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए योगी को धन्यवाद देता हूं।
नड्डा ने विपक्षी गठबंधन पर कहा कि इंडी एलायंस का नारा है कि भारत को रोको और पीएम मोदी का सिर्फ एक ही नारा है, वह है भारत को आगे बढ़ाने का। जिन लोगों ने हमेशा भारत को तोड़ने का कार्य किया वे आज भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। जो लोग अपने घर से आगे नहीं सोचते थे वे आज सामाजिक न्याय की बात कर रहे हैं। नड्डा ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी समेत विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन पर जमकर हमला बोला।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से हर जिले में स्टेडियम से लेकर ग्राम स्तर तक खेल को लेकर सरकार कार्य कर रही है। स्वस्थ शरीर से ही सारे कार्य हो सकते हैं। यह कार्यक्रम खास कर आधी आबादी के लिए प्रेरणादायक बने। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा, अशोक बाजपेयी, मंत्री सुरेश खन्ना, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
साभार -हिस

Share this news

About desk

Check Also

Nasa streams 4k video from aircraft to international space station & back

For the first time, NASA has used laser communication technology to send 4K video streams …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *