Home / Sports / खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में देसी खेल खो-खो बना आकर्षण का केंद्र

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में देसी खेल खो-खो बना आकर्षण का केंद्र

नई दिल्ली। खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी) 2025 में देसी खेल खो-खो ने एक बार फिर अपनी पकड़ मजबूत की है। 5 मई से बिहार के बोधगया स्थित बीआईपीएआरडी ग्राउंड में शुरू हुए खो-खो मुकाबलों को देखने के लिए सैकड़ों स्कूली छात्र मैदान में उमड़ पड़े। इस टूर्नामेंट में लड़कों और लड़कियों की 8-8 टीमों सहित कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो 9 राज्यों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
इन खेलों का आयोजन बिहार के पांच शहरों पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगूसराय में 15 मई तक किया जा रहा है। खो-खो मुकाबले 5 से 9 मई तक बोधगया में दो इनडोर मैट कोर्ट पर खेले जा रहे हैं।

बढ़ते उत्साह के साथ वैश्विक मंच की ओर खो-खो

खो-खो को वैश्विक मंच पर लाने की दिशा में यह आयोजन एक अहम कदम है। हाल ही में हुए वेव्स समिट 2025 में इस दिशा में भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया गया था। खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) के लगभग 40 तकनीकी अधिकारी टूर्नामेंट के संचालन में जुटे हैं। इस आयोजन में कुल लगभग 240 खिलाड़ी, 16 कोच और 16 टीम मैनेजर शामिल हैं।

खेल को मिल रहा संस्थागत समर्थन

देशभर के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खो-खो सहित अन्य खेलों में प्रतिभाओं को तराशने का कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा कई विश्वविद्यालय और कॉलेज खेल कोटे के तहत खो-खो खिलाड़ियों को प्रवेश दे रहे हैं। सरकारी नौकरियों में भी खो-खो खिलाड़ियों को उपलब्ध अवसरों ने युवाओं को इस खेल की ओर आकर्षित किया है।

लड़कों और लड़कियों की टीमों में कांटे की टक्कर

लड़कों के वर्ग में:

ग्रुप ए: उत्तर प्रदेश, पंजाब, ओडिशा, बिहार

ग्रुप बी: महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली, आंध्र प्रदेश

लड़कियों के वर्ग में:

ग्रुप ए: महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार

ग्रुप बी: कर्नाटक, ओडिशा, दिल्ली, तमिलनाडु

सेमीफाइनल 8 मई और फाइनल 9 मई को खेले जाएंगे।

देसी खेलों को वैश्विक पहचान देने की दिशा में पहल

खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने कहा, “हाल के वर्षों में खो-खो ने बड़ी लोकप्रियता हासिल की है। यह एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में उभर रहा है जो युवाओं को खूब आकर्षित कर रहा है। केआईवाईजी जैसे मंच इस देसी खेल को आगे बढ़ाने और भारत की सॉफ्ट पावर को दुनिया के सामने पेश करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।”

28 खेलों में हो रही है प्रतिस्पर्धा

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 10,000 खिलाड़ी और वालंटियर हिस्सा ले रहे हैं। कुल 28 खेलों में मुकाबले हो रहे हैं, जिनमें ओलंपिक, नॉन-ओलंपिक और पारंपरिक देसी खेल जैसे खो-खो, मल्लखंभ, कलारिपयट्टू और थांग-टा शामिल हैं। शूटिंग, जिम्नास्टिक और ट्रैक साइक्लिंग की स्पर्धाएं नई दिल्ली में आयोजित की जाएंगी।

पिछला संस्करण खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2024 तमिलनाडु में आयोजित हुआ था जिसमें 5,600 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

एशियाई खेल 2026 और अन्य आयोजनों के लिए खेल मंत्रालय ने जारी किये चयन मानदंड

नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने एशियाई खेल 2026 और अन्य बहु-खेल आयोजनों में खिलाड़ियों और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *