Home / Odisha / जेल में जीएसटी ठगबाज की लव स्टोरी, महिला कैदी से काल कोठरी में शारीरिक संपर्क, बाहर धोखा

जेल में जीएसटी ठगबाज की लव स्टोरी, महिला कैदी से काल कोठरी में शारीरिक संपर्क, बाहर धोखा

  • टिटिलागढ़ जेल से निकली पीड़ित महिला ने पुलिस से मांगा न्याय

  • जेल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवालिया निशान

  • पुलिस ने आरंभ की जांच

राजेश बिभार, संबलपुर

प्रशासनिक व्यवस्था के तहत प्रत्येक जेल में पुरूष एवं महिला बंदियों के अलग-अलग सेल की व्यवस्था है, किन्तु टिटिलागढ़ सब जेल में बंद एक महिला एवं पुरूष बंदी के बीच प्रेम पनप उठा और इस दरम्यान जेल की काल कोठरी में दोनों ने शारीरिक संपर्क बनाया। जब दोनों जेल से बाहर निकले तो प्रेमी ने महिला के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। ऐसे में उस महिला का पारा चढ़ा और उसने टिटिलागढ़ थाने में जाकर अपने प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया, जिसके बाद यह मामला सार्वजनिक हो गया और जेल प्रबंधन की लापरवाही उजागर हो गई है। पूरे प्रदेश में फिलहाल यह चर्चा का मसला बन गया है। टिटिलागढ़ पुलिस को सौंपी अपनी शिकायत में उस महिला ने कहा है कि पारिवाहिक कलह को लेकर हुए झगड़े के बाद उसे टिटिलागढ़ जेल में बंद कर दिया गया था। उस दौरान जेल में उसकी मुलाकात जीएसटी ठगी मामले में गिरफ्तार तीर्थकर पटेल उर्फ पप्पू के साथ हुई। इस दौरान कुछ जेल कर्मचारियों की सहायता से पप्पू उसके सेल में आ जाता था। इस दौरान उसने उसे विवाह का प्रलोभन दिया और जेल की काल कोठरी में ही उसके साथ शारीरिक संपर्क स्थापित किया। महिला ने अपनी शिकायत में साफ किया है दोनों के प्रेम संबंध को परवान चढ़ाने में टिटिलागढ़ जेल की एक महिला एवं एक पुरूष्ज्ञ कर्मचारी के साथ-साथ एडीजे कोर्ट के एक कर्मचारी ने संपूर्ण सहयोग किया। 50 दिनों तक जेल में बंदी का जीवन जीने के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। इसके बाद वह पप्पू से मिलने जेल गई तो पप्पू का व्यवहार बदल चुका था। विवाह तो दूर की बात उसने उसे पहचानने से भी इनकार कर दिया। पप्पू के इस बदले व्यवहार से वह दंग रह गई और अंतत: टिटिलागढ़ थाना जाकर उसके खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। यहां पर सवाल यह उठता है कि यदि जेल में इस तरह का कार्य चलता रहा तो जेल प्रबंधन के आला अधिकारी इससे अनभिज्ञ कैसे रहे। निश्चित तौरपर मामले की जांच की गई तो अन्य कई चौंकानेवाला तथ्य सामने आएगा। दूसरी ओर टिटिलागढ़ पुलिस ने टिटिलागढ़ जेल जाकर मामले की तहकीकात आरंभ किया है। जेल में लगाए गए सीसीटीवी फूटेज को खंगाला जा रहा है। टिटिलागढ़ पुलिस की ओर से बताया गया है कि यदि महिला के आरोप को सच पाया गया तो दोषियों के खिलाफ ठोस से ठोस कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जानेतक मामले की छानबीन जारी थी।

Share this news

About desk

Check Also

मुख्यमंत्री प्रतिदिन दो घंटे सुनेंगे लोगों की शिकायतें

दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित कहा- जनता का मुख्यमंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *