
विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश)। हिन्दुस्तान शिपयार्ड में शनिवार दोपहर को एक भारी भरकम क्रेन गिरने से उसके नीचे दबकर 11 मजदूरों की मौत हो गई। कई मजदूर घायल भी हुये हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य के मंत्री अवंति श्रीनिवास ने घटना की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने भी कार्रवाई के आदेश दिये हैं।
हिन्दुस्तान शिपयार्ड में भारी क्रेन से लोडिंग का ट्रायल किया जा रहा था। इसी के पास लगभग 20 मजदूर काम कर रहे थे। तभी अचानक क्रेन टूटकर मजदूरों के ऊपर गिर गई। मौके पर मौजूद 11 मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गये। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने इस हादसे की जानकारी ली और जिलाधीश और पुलिस आयुक्त को घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिये। क्रेन हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है। घटनास्थल पर मीडिया को जाने की अनुमति नहीं दी गई है। क्रेन की चपेट में आये अन्य मजदूरों को मलबे से बाहर निकालने का काम जारी है।
मुख्यमंत्री रेड्डी ने राज्यमंत्री कन्नाबाबू को काकीनाडा से विशाखापट्टनम भेज दिया है और हादसे की विस्तृत जानकारी देने को कहा है।
साभार-हिस
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
