-
31 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जारी, कोरापुट रहा सबसे ठंडा
भुवनेश्वर। ओडिशा में सर्दी का असर फिलहाल बरकरार रहेगा, हालांकि अगले चार दिनों के बाद रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि आगामी चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद राज्य के विभिन्न जिलों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।
आईएमडी ने 31 दिसंबर तक राज्य के कई हिस्सों में कोहरे की चेतावनी भी जारी की है। विभाग के अनुसार, 27 दिसंबर की सुबह तक कंधमाल, कोरापुट, कलाहांडी और नयागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद अगले 24 घंटों में कंधमाल, कोरापुट, नयागढ़, गंजाम, जगतसिंहपुर, कटक, ढेंकानाल, अनुगूल और खुर्दा जिलों में भी इसी तरह की स्थिति रह सकती है। वहीं खुर्दा, पुरी और जगतसिंहपुर में 30 दिसंबर की सुबह तक कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा, बालेश्वर और गजपति जिलों के लिए भी अगले 24 घंटों के दौरान 31 दिसंबर की सुबह तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। बीते 24 घंटों में नयागढ़, फुलबाणी, कोरापुट और भवानीपाटना में घना कोहरा देखा गया।
तापमान की बात करें तो कोरापुट राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद कोरापुट का सेमिलीगुड़ा 6.3 डिग्री सेल्सियस, कंधमाल का दारिंगबाड़ी 6.5 डिग्री सेल्सियस, झारसुगुड़ा 7.2 डिग्री सेल्सियस, फुलबाणी 7.5 डिग्री सेल्सियस और जी उदयगिरि 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य जिन स्थानों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, उनमें राउरकेला (8 डिग्री सेल्सियस), सुंदरगढ़ का किरेई (8.3 डिग्री सेल्सियस), नवरंगपुर (8.5 डिग्री सेल्सियस), सुंदरगढ़ (9 डिग्री सेल्सियस) और भवानीपाटना (9.8 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं। राजधानी भुवनेश्वर और कटक में भी न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। भुवनेश्वर में तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस और कटक में 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
आईएमडी के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान भुवनेश्वर में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है, जबकि कटक में यह 12 से 13 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह के समय सतर्क रहने और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
