Home / Odisha / बीजद में फूट की अटकलों पर नवीन पटनायक ने तोड़ी चुप्पी

बीजद में फूट की अटकलों पर नवीन पटनायक ने तोड़ी चुप्पी

  •     कहा-बीजद अगले 100 वर्षों तक ओडिशा की आवाज बनी रहेगी

  •     पार्टी के 29वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को किया संबोधित

  •     संगठनात्मक एकजुटता का मजबूत संदेश दिया

भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने शुक्रवार को पार्टी में फूट की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि बीजद अस्तित्व में है और अगले 100 वर्षों तक ओडिशा की जनता की आवाज बनी रहेगी।

भुवनेश्वर में आयोजित बीजद के 29वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पटनायक ने संगठनात्मक एकजुटता का मजबूत संदेश दिया। यह बयान ऐसे समय आया है जब सत्ता से बाहर होने के बाद पार्टी के नेतृत्व और भविष्य की दिशा को लेकर सार्वजनिक अटकलें लगाई जा रही हैं।

बीजद एक या दो नेताओं की पार्टी नहीं

पटनायक ने कहा कि कुछ दलों द्वारा बार-बार यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि बीजद में टूट होने वाली है, जिसे उन्होंने पूरी तरह से खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजद एक या दो नेताओं की पार्टी नहीं है, बल्कि यह ओडिशा की जनता की भावनाओं, स्वाभिमान और आकांक्षाओं से गहराई से जुड़ी हुई है। बीजद अस्तित्व में है और आगे भी बनी रहेगी और आने वाले 100 वर्षों तक ओड़िया लोगों की आवाज बनी रहेगी।

पार्टी में संभावित विभाजन की अफवाहों को नकारते हुए पटनायक ने कहा कि बीजद न तो अतीत में टूटी है और न ही भविष्य में टूटेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसकी वैचारिक नींव और जनसंपर्क में निहित है, जो इसके संस्थापक बीजू पटनायक की विरासत से प्रेरित है।

बीजू बाबू के आदर्शों पर खड़ी है बीजद

उन्होंने कहा कि बीजद बीजू बाबू के आदर्शों पर खड़ी है और उन्हीं सिद्धांतों का पालन करते हुए ओडिशा की जनता की सेवा करती रहेगी। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।

भाजपा ने किया पलटवार

ओडिशा के राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने नवीन पटनायक पर तीखा पलटवार करते हुए उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बीजद को तोड़ने की कोशिश करने का दावा किया गया था। पुजारी की यह प्रतिक्रिया बीजद के स्थापना दिवस कार्यक्रम में नवीन पटनायक के उस बयान के कुछ ही घंटों बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि “कुछ दल” बीजद के टूटने को लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं।

पटनायक को अपने राजनीतिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए – पुजारी

इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए पुजारी ने कहा कि दूसरों पर अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाने से पहले पटनायक को अपने राजनीतिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पटनायक का अतीत प्रतिद्वंद्वी दलों के साथ-साथ अपनी ही पार्टी के नेताओं को कमजोर करने से जुड़ा रहा है। पुजारी ने आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि हम पूरी तरह जनसेवा और शासन के कार्यों में व्यस्त हैं। हमारे पास बीजद को तोड़ने के बारे में सोचने का न समय है और न ही कोई मंशा।

जनता के दिलों में बसने के दावे पर सवाल उठाया

बीजद के जनता के दिलों में बसने के दावे पर सवाल उठाते हुए पुजारी ने कहा कि जनविश्वास आत्मघोषणा से नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि कोई दल या नेता कितने समय तक सत्ता में रहेगा या जनता के दिलों में कितनी जगह रखता है, यह अपने बयान से साबित नहीं किया जा सकता। यह आपके काम से तय होता है।

Share this news

About desk

Check Also

मुख्यमंत्री ने केन्दुझर के लिए धान खरीद व्यवस्था का किया शुभारंभ

    कहा-धान इनपुट सहायता से किसानों का मनोबल बढ़ा     खेती के प्रति …