Home / Odisha / विधानसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हुआ स्वागत
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

विधानसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हुआ स्वागत

  •     नवीन पटनायक ने गर्मजोशी से अगवानी की

  •     ओडिशा की विरासत और नेतृत्व पर गर्व व्यक्त किया

भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से पहले विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने उनकी गर्मजोशी से अगवानी की और उन्हें ओडिशा की गौरवशाली विरासत का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पूरा देश राष्ट्रपति से मार्गदर्शन और प्रेरणा की अपेक्षा रखता है, क्योंकि वे भारत की आत्मा और संवैधानिक मूल्यों की संरक्षक हैं।

माटी की बेटी बनने पर ओडिशा को गर्व: नवीन पटनायक

नवीन पटनायक ने कहा कि यह क्षण ओडिशा के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि राज्य की माटी की बेटी आज देश की राष्ट्रपति हैं। उन्होंने याद दिलाया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने 25 वर्ष पहले इसी विधानसभा से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी।

उन्होंने कहा कि उन्होंने भारत की राष्ट्रपति बनकर ओडिशा की माटी को गौरवान्वित किया है। देश जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे समय में उनका संबोधन अत्यंत महत्वपूर्ण है।

भारत की विविधता को बताया राष्ट्र की शक्ति

विपक्ष के नेता ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता है। अलग-अलग भाषाएं, जीवनशैलियां, संस्कृति और विचार-इन सभी ने भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाया है। उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद रियासतों के एकीकरण की सबसे बड़ी चुनौती ओडिशा ने पहले पूरी की।

भारत में रियासतों का पहला विलय ओडिशा में हुआ-14 नवंबर 1947 को नीलगिरि और अन्य रियासतों के साथ। इसी तरह ओडिशा ने पूरे देश को एक भारत बनाने की दिशा दिखाई।

मधुसूदन दास के योगदान का स्मरण किया

नवीन पटनायक ने उत्कल गौरव मधुसूदन दास के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत में पहली बार भाषाई आधार पर राज्य का निर्माण ओडिशा के रूप में हुआ और यह कार्य मधुसूदन दास जैसे दूरदर्शी नेताओं ने संवैधानिक मार्ग अपनाकर पूरा किया।

उन्होंने कहा कि आज जब संविधान के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं, तब देश की राष्ट्रपति के रूप में आप उस संविधान की रक्षा और संरक्षण का दायित्व निभा रही हैं।

ओडिशा के विकास मॉडल को बताया प्रेरणा

अपने संबोधन में नवीन पटनायक ने कहा कि पिछले दो दशकों में ओडिशा ने अनेक क्षेत्रों में मिसाल कायम की है। ये आपदा प्रबंधन, खाद्यान्न उत्पादन, महिला सशक्तिकरण, गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र का परिवर्तन तथा  औद्योगिक विकास के क्षेत्र हैं। उन्होंने कहा कि ओडिशा का आपदा प्रबंधन मॉडल पूरे देश के लिए रोल मॉडल बन चुका है और संयुक्त राष्ट्र ने भी इसकी सराहना की है।

राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एकजुट हों

नवीन पटनायक ने कहा कि ओडिशा प्राकृतिक संसाधनों और कुशल जनशक्ति से सम्पन्न है। सही दिशा में प्रयास हों तो यह राज्य नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है।

उन्होंने विधानसभा के सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें।

Share this news

About desk

Check Also

ऐतिहासिक पल का साक्षी बनी ओडिशा विधानसभा

    पहली बार राष्ट्रपति ने किया ऐतिहासिक संबोधन     द्रौपदी मुर्मू ने विधायकों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *