-
ओडिशा के इतिहास में छठ पूजा में शामिल होने वाले पहले मुख्यमंत्री
भुवनेश्वर। ओडिशा के इतिहास में यह पहला अवसर होगा, जब कोई मुख्यमंत्री छठ पूजा में शामिल होगा। मुख्यमंत्री मोहन चारण माझी सोमवार को भुवनेश्वर के न्यू वालियात्रा पड़िया स्थित कुआखाई नदी तट पर आयोजित भव्य छठ पूजा में शामिल होंगे और उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। बिस्वास संस्था की ओर से
यहां छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना के बाद श्रद्धालुओं और आयोजकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। बिस्वास के अध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व का क्षण है कि मुख्यमंत्री मोहन चारण माझी आस्था और प्रकृति के इस महापर्व में शामिल होकर राज्य की समृद्धि और खुशहाली के लिए कामना करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भुवनेश्वर–कटक के पुलिस आयुक्त एस. देव दत्त सिंह ने रविवार शाम को कुआखाई तट का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है। राजनीतिक दृष्टि से मुख्यमंत्री का यह कदम भी खास मायने रखता है। बिहार में आगामी चुनावों के मद्देनजर इसे एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि ओडिशा में बड़ी संख्या में बिहार मूल के लोग रहते हैं जो मतदान के समय अपने गृह राज्य लौटते हैं। मुख्यमंत्री का छठ पूजा में शामिल होना भाजपा के लिए इन मतदाताओं के बीच एक भावनात्मक और राजनीतिक जुड़ाव का संकेत भी माना जा रहा है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
