-
‘मॉनथा’ चक्रवात से कई जिलों में भारी वर्षा और तेज हवाओं की संभावना
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया चक्रवात ‘मॉनथा’ आने वाले दिनों में ओडिशा के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा ला सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब गंभीर रूप पकड़ चुका है और तेजी से चक्रवाती स्वरूप ले रहा है। भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 से 29 अक्टूबर तक के लिए कई चेतावनियां जारी की हैं। 27 अक्टूबर को केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, खुर्दा, पुरी, नयागढ़, गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मालकानगिरि जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताते हुए पीली चेतावनी जारी की गई है।
28 अक्टूबर को कटक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, खुर्दा, पुरी और गंजाम जिलों में नारंगी चेतावनी दी गई है, जबकि 29 अक्टूबर को मयूरभंज, बालेश्वर और भद्रक जिलों को नारंगी श्रेणी में रखा गया है। इन दिनों कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मूसलाधार वर्षा और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि ‘मॉनथा’ चक्रवात का प्रभाव आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।
सर्वाधिक असर आंध्र में, ओडिशा में तूफानी मौसम
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इसका सर्वाधिक असर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में रहेगा, जबकि ओडिशा में भारी वर्षा, तेज हवाओं और स्थानीय गरज–चमक के साथ तूफान की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने ओडिशा समेत कई तटीय राज्यों के लिए वर्षा, हवा और समुद्री परिस्थितियों को लेकर चेतावनी जारी की है। रविवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। 27 से 29 अक्टूबर के बीच राज्य के विभिन्न इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा की आशंका जताई गई है।
अंडमान सागर में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा
वर्तमान में बंगाल की दक्षिण–पूर्व खाड़ी और उससे सटे अंडमान सागर में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं, जो बढ़कर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई है। 26 अक्टूबर की शाम से 27 अक्टूबर तक इनकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 27 से 29 अक्टूबर के बीच पश्चिम–मध्य और उत्तर–पश्चिम खाड़ी में हवाएं 90 से 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं।
ओडिशा तट के पास 70 किलोमीटर प्रति घंटा होगी रफ्तार
ओडिशा तट के पास 26 अक्टूबर से 35–45 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो 28–29 अक्टूबर तक 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। समुद्री स्थिति वर्तमान में मध्यम से ऊबड़–खाबड़ है, जो 25 अक्टूबर से खतरनाक रूप ले सकती है। 27 अक्टूबर से यह स्थिति और विकराल हो जाएगी, जिससे तटीय इलाकों में ऊंची लहरें उठने की आशंका है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
