-
कहा-दीदी ने महिलाओं को शर्मिंदा किया
-
एक महिला मुख्यमंत्री से ऐसे गैरजिम्मेदाराना शब्दों की नहीं थी उम्मीद
-
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री ने पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया
भुवनेश्वर। दुर्गापुर में ओडिशा की एक मेडिकल छात्रा से हुए सामूहिक दुष्कर्म पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विवादास्पद बयान ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। इस पर ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ममता बनर्जी के बयान ने देशभर की महिलाओं को शर्मिंदा किया है।
प्रभाती परिडा ने कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री के रूप में ममता बनर्जी से संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है, लेकिन उनके बयान ने न केवल पीड़िता का दर्द छोटा किया, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाने वालों को निराश किया।
गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने रविवार को मीडिया के सवालों से बचते हुए कहा था कि पीड़िता रात में बाहर क्यों थी? इस टिप्पणी ने देशभर में नाराजगी पैदा कर दी। उन्होंने दुष्कर्म की घटना पर जवाब देने के बजाय पुलिस पर जिम्मेदारी डाल दी और ओडिशा के गोपालपुर बीच से जुड़े एक पुराने मामले का हवाला दिया।
प्रभाती परिडा का कड़ा जवाब
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि ‘दीदी’ कहलाने वाली किसी महिला नेता से ऐसे शब्द सुनना बेहद दुखद है। यह बयान महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की महिला चाहे ओडिशा की हो या बंगाल की, उसे सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए।
सुझाव की भी निंदा की
परिडा ने ममता बनर्जी के उस सुझाव की भी निंदा की जिसमें उन्होंने छात्राओं को रात में बाहर न जाने की सलाह दी थी। परिडा ने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का कर्तव्य है, न कि महिलाओं की स्वतंत्रता सीमित करना। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ममता सरकार ओड़िया पीड़िता को न्याय देने में असफल रहती है, तो ओडिशा सरकार स्वयं आगे आएगी और उसे पूरा संरक्षण व न्याय दिलाएगी।
जांच पर नजर रखेगी ओडिशा महिला आयोग की टीम
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में ओडिशा की एक एमबीबीएस छात्रा से हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच की निगरानी के लिए ओडिशा राज्य महिला आयोग की तीन सदस्यीय टीम दुर्गापुर पहुंची है। इस दल का नेतृत्व आयोग की अध्यक्ष शोभना मोहंती कर रही हैं।
आयोग की टीम वहां पीड़िता के इलाज और जांच की प्रगति का मूल्यांकन करेगी। यह छात्रा बालेश्वर जिले के जलेश्वर क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है और फिलहाल दुर्गापुर के एक निजी कॉलेज के पास हुए इस दर्दनाक घटना के बाद दुर्गापुर मेडिकल सुविधा केंद्र में उपचाराधीन है।
पीड़िता की स्थिति का जायजा लेगी
शोभना मोहंती ने बताया कि टीम सबसे पहले अस्पताल जाकर पीड़िता की स्थिति का जायजा लेगी और यह भी देखेगी कि क्या पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा उसे उतनी प्राथमिकता से स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं, जितनी ओडिशा में ऐसे मामलों में दी जाती हैं। इसके बाद टीम दुर्गापुर पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मुलाकात कर जांच की दिशा और उसकी गति की समीक्षा करेगी ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द अदालत में पेश किया जा सके।
सुनिश्चित करेंगे कि पीड़िता को पूरी सहायता मिले- शोभना
महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि हम पुलिस और प्रशासन से मिलकर जांच की प्रगति देखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि पीड़िता को पूरी सहायता मिले तथा अपराधियों को शीघ्र न्यायिक प्रक्रिया में लाया जाए। उन्होंने इस अपराध को अत्यंत जघन्य और अमानवीय करार देते हुए कहा कि आयोग लगातार पीड़िता के परिवार के संपर्क में है। शोभना मोहंती ने यह भी बताया कि ओडिशा महिला आयोग ने पश्चिम बंगाल राज्य महिला आयोग से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।