-
कहा-गरीबों पर लगाया टैक्स, जनता को लूटा
-
जनता को कांग्रेस से सतर्क रहने की दी सलाह
झारसुगुड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश के लोगों को लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ा और यहां तक कि कम आय वाले लोगों पर भी टैक्स लगाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने उन लोगों पर भी टैक्स लगाया जिनकी सालाना आय मात्र दो लाख रुपये थी, लेकिन हमारी सरकार ने यह सीमा बढ़ाकर 12 लाख रुपये से अधिक कर दी।
प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस और उसके सहयोगियों की कथित लूट से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के हित में कार्य कर रही है और देश को मजबूत बनाने के लिए आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार का लक्ष्य गरीबों, पिछड़ों और वंचितों को सशक्त बनाना है और आने वाले समय में देश के हर नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने अपना टैक्स बढ़ाया
उन्होंने आरोप लगाया कि जब केंद्र सरकार ने जीएसटी व्यवस्था में सुधार कर लोगों को राहत दी, तो कांग्रेस ने इसका विरोध किया। मोदी ने कहा कि जब हमारी सरकार ने सीमेंट के दाम कम किए, तो हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपना टैक्स लगा दिया। हमने जीएसटी दरें घटाईं, जिससे देशभर में दाम कम हुए, लेकिन कांग्रेस आम जनता को यह राहत नहीं देना चाहती।
डबल इंजन सरकार से तेजी से विकास कर रहा ओडिशा
प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के कारण राज्य तेजी से विकास की राह पर है। उन्होंने कहा कि ओडिशा, जिसने कई दशकों तक गरीबी देखी है, अब समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। हमारी सरकार गरीबों, दलितों और आदिवासियों को सशक्त बनाने पर जोर दे रही है।
आत्मनिर्भर भारत पर दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना उनकी सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि हमारा निश्चय है कि चिप से लेकर शिप तक हर चीज में भारत आत्मनिर्भर होगा। हमें दूसरों पर निर्भर नहीं रहना है, बल्कि अपने संसाधनों और क्षमता के बल पर आगे बढ़ना है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
