-
उन्हें विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता बताया
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का झारसुगुड़ा आगमन पर हार्दिक स्वागत करते हुए उन्हें विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता और प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने राज्य की 4.5 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। भगवान जगन्नाथ का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे ओडिशा के लिए गौरवपूर्ण क्षण करार दिया और कहा कि यह भाग्य की बात है कि यह आयोजन झारसुगुड़ा में हो रहा है। उन्होंने स्मरण कराया कि आठ वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने वीर सुरेन्द्र साई हवाई अड्डे की आधारशिला रखी थी। आज यह हवाई अड्डा पश्चिमी ओडिशा के विकास को गति प्रदान कर रहा है।
आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई ने सामरिक नीति को नया आयाम दिया
प्रधानमंत्री की नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय सुरक्षा में उनकी भूमिका का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहलगाम नरसंहार के बाद पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों के खिलाफ भारत की कड़ी कार्रवाई ने देश की सामरिक नीति को नया आयाम दिया।
विकासपरक योजनाओं को भी रेखांकित किया
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई विकासपरक योजनाओं को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष अपने जन्मदिन पर प्रधानमंत्री ने सुभद्रा योजना की शुरुआत की थी, जिसके अंतर्गत आज एक करोड़ से अधिक महिलाएं प्रतिवर्ष 10,000 रुपये प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि योजना का शुभारंभ करने से पहले प्रधानमंत्री ने ओडिशा की एक आदिवासी मां के हाथों से खीर खाकर अपना जन्मदिन मनाया था।
जन आंदोलन बना एक पेड़ मां के नाम अभियान
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहल एक पेड़ मां के नाम की सराहना करते हुए माझी ने कहा कि यह अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। 75 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के विरुद्ध ओडिशा की जनता ने एक पेड़ मां के नाम 2.0 के तहत 1.5 करोड़ पौधे लगाए, जो प्रधानमंत्री के प्रति लोगों के प्रेम और सम्मान का प्रतीक है।
नई सौगात लेकर आती है प्रधानमंत्री की यात्रा
अपने संबोधन के समापन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रत्येक यात्रा ओडिशा के लिए विकास की नई सौगात लेकर आती है। आपके मार्गदर्शन में ओडिशा तेजी से आगे बढ़ रहा है और हमें विश्वास है कि यह यात्रा भी नए अवसरों का द्वार खोलेगी।
उत्कर्ष ओडिशा सम्मेलन का भी उल्लेख किया
माझी ने उत्कर्ष ओडिशा सम्मेलन का भी उल्लेख किया, जहां प्रधानमंत्री ने निवेशकों से राज्य में निवेश का आह्वान किया था। इससे औद्योगिक विकास के नए रास्ते खुले हैं। बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति दर्ज की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जीएसटी सुधार को ओडिशा के लिए त्योहारी उपहार करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके नेतृत्व में 11 वर्षों की शासन यात्रा में भारत नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। हम 2045 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के आपके मिशन में सहभागी हैं।