-
महानदी तटवर्ती जिलों को अलर्ट
-
27 सितंबर तक मुंडली में पहुंच सकती है 7 लाख क्यूसेक पानी
संबलपुर। ओडिशा में लगातार हो रही भारी बारिश से महानदी नदी में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। जल संसाधन विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि स्थिति गंभीर हो सकती है। फिलहाल हीराकुद बांध से 16 गेटों के जरिये अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है।
अधिकारियों का अनुमान है कि 27 सितंबर तक मुंडली बैराज में करीब 7 लाख क्यूसेक पानी पहुंच सकता है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका है। सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है और फील्ड अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
बांध का दबाव बढ़ा
हीराकुद बांध में इस समय 2,58,502 क्यूबिक फीट प्रति सेकंड (क्यूसेक) पानी आ रहा है, जबकि 2,96,621 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांध की कुल भंडारण क्षमता 630 फीट है और वर्तमान जलस्तर 629.15 फीट पर पहुंच गया है, जो क्षमता से लगभग भरा हुआ है।
संबलपुर में सबसे ज्यादा बारिश
राज्य में संबलपुर शहर ने सबसे अधिक वर्षा दर्ज की है। हाल के दिनों में हीराकुद अपर बांध क्षेत्र में ही 41 मिमी बारिश हुई है, जिससे जलस्तर तेजी से बढ़ा है।
लोगों को सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने नदी तटवर्ती इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।