-
बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदलने की आशंका
भुवनेश्वर। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में नए निम्न दबाव के क्षेत्र से ओडिशा में व्यापक बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह सिस्टम उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी में विकसित होगा और 26 सितंबर को डिप्रेशन में बदलकर 27 सितंबर तक उत्तर-पश्चिम व पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचेगा। इस दौरान यह दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटवर्ती इलाकों को प्रभावित करेगा।
मछुआरों को समुद्र से दूर रहने का आदेश
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि 28 सितंबर तक ओडिशा तट और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में समुद्र में ऊंची लहरें और तेज हवाएं चलेंगी। इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी के साथ कई जिलों को अलर्ट पर रखा है। ऑरेंज अलर्ट कोरापुट, नवरंगपुर और नुआपाड़ा जिलों के लिए जारी किया है। येलो अलर्ट मालकानगिरि, कंधमाल, कलाहांडी, रायगड़ा, गंजाम, गजपति और बालेश्वर जिलों के लिए जारी किया गया है। इन जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
राज्यभर में प्रभाव
आईएमडी ने कहा है कि ओडिशा के तटीय, पश्चिमी और आंतरिक हिस्सों में भी वर्षा और गरज-चमक देखने को मिलेगी। साथ ही कई क्षेत्रों में तेज हवाएं 40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
आईएमडी भुवनेश्वर ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के चलते लगातार बारिश होगी। कोरापुट, नवरंगपुर और नुआपड़ा में भारी बारिश का खतरा सबसे ज्यादा है। आने वाले दिनों में सिस्टम डिप्रेशन में बदलकर और तीव्र हो सकता है, जिससे तटीय और दक्षिणी जिलों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को अलर्ट रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां पुख्ता रखने के निर्देश दिए हैं।
हवा की रफ्तार भी बढ़ेगी
राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा और कुछ जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
शुक्रवार को और तेज होगी बारिश
शुक्रवार को बारिश और हवा की गतिविधियां और तेज होंगी। रायगड़ा और कोरापुट जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तरी और तटीय ओडिशा के नौ जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है।
27 सितंबर को बनेगा गंभीर हालात का अंदेशा
मौसम विभाग ने कहा है कि 27 सितंबर को केंद्रीय बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र डिप्रेशन में बदल सकता है। इससे दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश में भीषण बारिश और तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
