-
कंधमाल–गंजाम संपर्क टूटा
-
पश्चिम ओडिशा और तटीय क्षेत्र से भी कटा रास्ता
भुवनेश्वर। कंधमाल और गंजाम जिलों को जोड़ने वाला कलिंग घाट मंगलवार देर रात भूस्खलन की चपेट में आ गया। भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और चट्टानें ढलान से नीचे आ गिरीं, जिससे राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इस घटना के बाद न केवल दोनों जिलों का संपर्क टूट गया, बल्कि पश्चिम ओडिशा और तटीय क्षेत्रों के बीच सड़क यातायात भी बाधित हो गया।
यात्रियों की रात कटी मुसीबत में
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक हुए इस भूस्खलन ने सड़क के हिस्से को भी बहा दिया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बसें, ट्रक और निजी गाड़ियां कई किलोमीटर तक जाम में फंस गईं।
रातभर यात्री और चालक परेशान रहे। कई लोग मजबूर होकर वैकल्पिक रास्तों की तलाश में लौट गए, जबकि अन्य को वहीं इंतजार करना पड़ा।
जरूरी सामान की ढुलाई पर असर
अधिकारियों के मुताबिक यह सड़क कंधमाल और गंजाम के अलावा पश्चिम ओडिशा को तटीय क्षेत्रों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बंद होने से आवश्यक वस्तुओं और माल की ढुलाई भी प्रभावित हुई है। इससे आम लोगों को आपूर्ति संकट की आशंका बढ़ गई है।
पुलिस ने लगाए बैरिकेड
पुलिस ने घाट के प्रवेश बिंदुओं पर बैरिकेड लगा दिए हैं और यात्रियों को आगे जाने से रोका जा रहा है। सुरक्षा बलों ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश से घाट पर दोबारा भूस्खलन होने की आशंका बनी हुई है।
मलबा हटाने में जुटा प्रशासन
जिला प्रशासन ने बताया कि भारी मशीनरी को मौके पर भेजा गया है ताकि मलबा हटाकर यातायात बहाल किया जा सके। हालांकि भूस्खलन का दायरा बड़ा होने के कारण सड़क को पूरी तरह साफ करने में समय लग सकता है।
स्थानीय लोगों की चिंता
स्थानीय निवासियों ने कहा कि यह इलाका हर साल बरसात में भूस्खलन की चपेट में आता है। उन्होंने ओडिशा सरकार से मांग की है कि घाट के कमजोर हिस्सों पर स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाएं ताकि हर बार यात्रियों और स्थानीय लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।