-
महाप्रभु जगन्नाथ से विपक्ष के नेता के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आज नवीन निवास जाकर विपक्ष के नेता नवीन पटनायक से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा यह जानकारी दी गई है।
नवीन निवास पहुंच कर मुख्यमंत्री ने नवीन पटनायक से पूछा कि आपका स्वास्थ्य कैसा है? जिस पर पटनायक ने उत्तर दिया कि मैं स्वस्थ महसूस कर रहा हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे महाप्रभु श्रीजगन्नाथ से प्रार्थना करते हैं कि पटनायक का जीवन निरामय और स्वस्थ रहे।
उल्लेखनीय है कि विपक्ष के नेता हाल ही में अस्वस्थ हो गए थे और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य लाभ के बाद वे निवास लौट आए हैं। इसी कारण मुख्यमंत्री माझी ने आज उनसे मुलाकात कर उनकी स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। दोनों नेताओं के बीच लगभग 10 मिनट तक बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में दिल्ली प्रवास के दौरान जब वे प्रधानमंत्री से मिले थे, तब प्रधानमंत्री ने भी पटनायक के स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ की थी। उस समय पटनायक मुंबई में उपचाराधीन थे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा सत्र के संचालन को सुचारु रूप से सम्पन्न करने के लिए विपक्ष से सहयोग की भी अपेक्षा व्यक्त की।
भाई प्रेम पटनायक भुवनेश्वर पहुंचे
बीजू जनता दल (बीजेद) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर उनके बड़े भाई प्रेम पटनायक शुक्रवार को दिल्ली से भुवनेश्वर पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से उनके इलाज को लेकर विस्तार से चर्चा की। विपक्ष के नेता के कार्यालय ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें प्रेम पटनायक को डॉक्टरों से चर्चा करते हुए देखा जा सकता है।
वीके पांडियन भी नवीन निवास
इस दौरान नवीन पटनायक और उनके करीबी सहयोगी वीके पांडियन भी नवीन निवास पर पहुंचे थे। 78 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री अविवाहित हैं और भुवनेश्वर स्थित नवीन निवास में अकेले रहते हैं। उनके बड़े भाई प्रेम पटनायक और परिवार दिल्ली में रहते हैं। उनकी बहन गीता मेहता का 2023 में निधन हो चुका है।
नवीन पटनायक को रविवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले जून में मुंबई में उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हुई थी, जिसके दौरान प्रेम पटनायक लगातार उनके साथ रहे थे। जुलाई की शुरुआत में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी।
ओडिशा की जनता के प्रति जताया आभार
सर्जरी के बाद प्रेम पटनायक ने लगातार वीडियो संदेशों के जरिए ओडिशा की जनता को नवीन पटनायक की सेहत की जानकारी दी थी और प्रार्थनाओं एवं शुभकामनाओं के लिए आभार जताया था। अब जब एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ी है, प्रेम पटनायक भुवनेश्वर आकर डॉक्टरों से स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
