Home / Odisha / प्रभाती परिडा के आवास के बाहर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

प्रभाती परिडा के आवास के बाहर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

  •  युवक कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने घेरा डाला

  •  टमाटर फेंके, पुलिस ने किया प्रदर्शनकारियों को हिरासत में

भुवनेश्वर। पुरी जिले के बलांग क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा को जलाए जाने की घटना के खिलाफ राजधानी भुवनेश्वर में ओडिशा के डिप्टी मुख्यमंत्री प्रभाती परिडा के सरकारी आवास के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन हुआ। युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक के बाद एक प्रदर्शन किए और सरकार पर आरोपों की झड़ी लगा दी।

प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष रंजीत पात्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम के आवास के बाहर धरना दिया। उन्होंने महिलाओं को न्याय दो, महिलाओं पर अत्याचार बंद करो और प्रभाती परिडा इस्तीफा दो जैसे नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

पुलिस ने कुछ समय बाद सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इससे पहले दिन में युवक कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल एम्स भुवनेश्वर पहुंचा था, जहां 15 वर्षीय पीड़िता जिंदगी और मौत से जूझ रही है। पीड़िता को 75% जलने के बाद गहन चिकित्सा में रखा गया है।

प्रभाती परिडा कांग्रेस के गंभीर आरोप

रंजीत पात्र ने डिप्टी सीएम पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रभाती परिडा खुद निमापड़ा क्षेत्र की विधायक हैं, लेकिन अपनी ही विधानसभा क्षेत्र की बच्ची के साथ हुई बर्बरता के बाद अब तक पीड़िता से मिलने नहीं पहुंचीं। यह महिलाओं के साथ किया गया विश्वासघात है।

कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी सैयद यासिर नवाज ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं से किए वादों पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने मांग की कि पीड़िता के परिवार को दो करोड़ का मुआवज़ा दिया जाए और अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

महिला कांग्रेस का भी विरोध, टमाटर फेंके

प्रदर्शन की श्रृंखला में महिला कांग्रेस ने भी मोर्चा संभाला। राज्य महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीनाक्षी वाहिनीपति के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम के आवास का घेराव किया और टमाटर फेंकते हुए नारेबाजी की।

महिला कांग्रेस ने सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। कुछ महिला कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया।

एम्स में इलाज जारी, सरकार खर्च उठाएगी – प्रभाती

उधर, डिप्टी सीएम प्रभाती परिडा ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पीड़िता को तुरंत एम्स भुवनेश्वर शिफ्ट किया गया है और इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। उन्होंने प्रशासन को आरोपियों को तुरंत पकड़ने और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

छात्रा को रास्ते में पकड़कर किया था हमला

यह दर्दनाक घटना उस वक्त घटी जब नाबालिग लड़की अपनी दोस्त के घर जा रही थी। तभी कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसका पीछा कर उसे सुनसान जगह ले जाकर जिंदा जला दिया। इस घटना ने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है और राजनीतिक तापमान लगातार चढ़ता जा रहा है। जनता और विपक्ष की ओर से न्याय की मांग के साथ सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग तेज़ हो गई है।

Share this news

About desk

Check Also

Railway tracks शहीद सप्ताह के दौरान माओवादियों ने उड़ायी रेल पटरी

शहीद सप्ताह के दौरान माओवादियों ने उड़ायी रेल पटरी

एक रेलकर्मी की मौत, एक गंभीर घायल मुख्यमंत्री माझी ने 10 लाख रुपये मुआवजे की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *