-
अगले सप्ताह तक जारी रह सकती है बारिश की कहर
-
आईएमडी ने 24 जून तक भारी को लेकर जारी की चेतावनी
भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बंगाल की खाड़ी में गंगीय पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में बने गहरे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण राज्य के कई हिस्सों में मूसलधार बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को चेतावनी जारी करते हुए बताया कि 24 जून तक ओडिशा के अनेक ज़िलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश जारी रह सकती है। कुछ जिलों में यह स्थिति 25 जून तक बनी रहने की आशंका है।
आईएमडी के अनुसार, यह मौसम प्रणाली धीरे-धीरे झारखंड की ओर बढ़ रही है, जिसके चलते ओडिशा में व्यापक बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई जगहों पर जलभराव, फसलों को नुकसान और सड़कों पर आवागमन में रुकावट की स्थिति बनी हुई है।
मयूरभंज और केंदुझर जिलों के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में चेतावनी जारी की है। मयूरभंज और केंदुझर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में प्रशासन को तुरंत कार्रवाई के लिए सतर्क रहने को कहा गया है। सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, देवगढ़, अनुगूल और बालेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां लोगों को तैयार रहने की सलाह दी गई है। वहीं बरगढ़, सोनपुर, बौध, ढेंकानाल, जाजपुर और भद्रक जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को मौसम से जुड़ी अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
कई जिलों में बहेंगी तेज हवाएं
कटक, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर, केन्द्रापड़ा, नयागढ़, गंजाम, गजपति, बलांगीर, कलाहांडी, कंधमाल, नुआपाड़ा, नवरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट और मालकानगिरि जिलों में तेज हवाएं (30–40 किमी प्रति घंटा) और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
समुद्री की स्थिति रहेगी अशांत
आईएमडी ने समुद्र में उठती तेज़ लहरों और खराब होती समुद्री स्थिति को देखते हुए मछुआरों को ओडिशा के तटों से समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी दी है। बंदरगाहों और नौसैनिक अड्डों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पर्यटन गतिविधियों को भी अस्थायी रूप से स्थगित करने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। विशेषकर रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में प्रशासन से कहा गया है कि वे आवश्यकतानुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखें और राहत शिविरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित
अब तक की बारिश से राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और अगले कुछ दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है। हालांकि सबसे भारी बारिश 22 जून तक होने की संभावना है, लेकिन मौसम विभाग ने 25 जून तक भी कई स्थानों पर वर्षा और अस्थिर मौसम की चेतावनी दी है।
आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, मौसम से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर नज़र रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें।