Home / Odisha / जश्न का माहौल, मोदी की मौजूदगी से खुशियां होंगी दोगुनी  

जश्न का माहौल, मोदी की मौजूदगी से खुशियां होंगी दोगुनी  

  • मोहन सरकार के एक साल पूरा होने भव्य समारोह आज

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे मुख्य अतिथि

  • मुख्यमंत्री ने जनता मैदान में तैयारियों की समीक्षा की

  • त्रुटिहीन आयोजन के निर्देश दिए

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी शुक्रवार को एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनने जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनता मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी शोभा बढ़ाने आ रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। पूरे राज्य में भाजपा समर्थकों में उत्सव जैसा माहौल है और राजधानी में खासतौर पर उल्लास की लहर दौड़ रही है। मोदी की उपस्थिति इस जश्न को और भी गौरवपूर्ण और यादगार बना देगी। मुख्यमंत्री पहले से जनता के बीच अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने समारोह से एक दिन पहले आज गुरुवार को जनता मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आयोजन को त्रुटिहीन और गरिमामय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि जनता के साथ साझा किए गए भरोसे और परिवर्तन की दिशा में उठाए गए कदमों का उत्सव है। मैदान में सुरक्षा, स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने सभा स्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए पूरी सजगता बरती जाए। उन्होंने कहा कि आज देर शाम तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।

मुख्यमंत्री के साथ राज्य के लोक निर्माण एवं कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, राज्य प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर तथा सह-प्रभारी लता उषेंडी ने भी तैयारियों का जायजा लिया।

 

मुख्य सचिव ने दी तैयारियों की जानकारी

मुख्य सचिव मनोज आहूजा एवं उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा ने मुख्यमंत्री को तैयारियों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रकाश मिश्र, विकास आयुक्त अनु गर्ग, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सत्यव्रत साहू, पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

मोदी का होगा भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री 20 जून को दोपहर 3:40 बजे बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, भुवनेश्वर पहुंचेंगे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रशासन की ओर से पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया जाएगा।  इसके बाद 3:45 से 4:15 बजे तक वे एयरपोर्ट से जनता मैदान तक एक भव्य रोड शो में भाग लेंगे। इस दौरान हजारों भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और आम नागरिक पुष्प वर्षा और नारों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा के लिए कुल 133 प्लाटून पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) या पुलिस अधीक्षक (एसपी) रैंक के 16 अधिकारी, 33 अतिरिक्त डीसीपी, 93 सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) या पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), 106 निरीक्षक, 455 उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक, 189 महिला पुलिसकर्मी और 291 होमगार्ड तैनात किए जाएंगे।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा में अनाथ बच्चों की पहचान के लिए ओरफान सर्वे 2025 शुरू

21 जुलाई तक चलेगा राज्यव्यापी अभियान भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने राज्य में अनाथ और अभिभावक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *