-
सरकार तय करेगी किराया : परिवहन मंत्री
भुवनेश्वर। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ओडिशा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार अब ओडिशा यात्री मोबाइल ऐप के जरिए एम्बुलेंस सेवा को जोड़ने जा रही है। इससे आम जनता आने वाले दिनों में टैक्सी और ऑटो की तरह मोबाइल ऐप के माध्यम से एम्बुलेंस बुक कर पाएगी।
परिवहन विभाग और कैपिटल रीजन अर्बन ट्रांसपोर्ट (सीआरयूटी) के सहयोग से इस पहल को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में परिवहन सेवाओं को सरल, तेज और पारदर्शी बनाना है।
मंगलवार को परिवहन मंत्री विभूति भूसन जेना ने जानकारी दी कि सरकार जल्द ही निजी एम्बुलेंस संचालकों को इस डिजिटल प्रणाली में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि लोग ओडिशा यात्री ऐप के माध्यम से सरकारी और निजी दोनों प्रकार की एम्बुलेंस बुक कर सकेंगे। किराया दर सरकार द्वारा तय की जाएगी।
सरकार इस सेवा को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले रही है और जल्द ही निजी एम्बुलेंस के लिए किराया ढांचा भी निर्धारित किया जाएगा। इससे सेवा में पारदर्शिता आएगी और आम जनता को मनमाने शुल्क से राहत मिलेगी।
एक बार यह प्रणाली लागू हो जाने के बाद ऐप के जरिए नजदीकी उपलब्ध एम्बुलेंस की जानकारी मिल सकेगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल बुकिंग की जा सकेगी। इससे मेडिकल इमरजेंसी के दौरान समय की बचत होगी और लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
इस नवाचार से ओडिशा में स्वास्थ्य आपात स्थितियों में मदद मिलने की उम्मीद बढ़ी है और तकनीक के सहारे सेवाओं को जनसुलभ बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।