-
सीधी उड़ान की शुरुआत 12 जून से
भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए, बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आबू धाबी के लिए सीधी उड़ान सेवा 12 जून से शुरू हो रही है। इस सेवा का संचालन इंडिगो एयरलाइंस करेगी, जो खाड़ी देशों के साथ ओडिशा की बढ़ती हवाई संपर्क श्रृंखला का नया अध्याय है।
सप्ताह में तीन दिन सीधी उड़ान
जानकारी के अनुसार, यह सीधी उड़ान बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। भुवनेश्वर से उड़ान सुबह 9:35 बजे रवाना होकर आबू धाबी में स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:35 बजे पहुंचेगी। उड़ान का कुल समय करीब चार घंटे 30 मिनट होगा। वहीं वापसी की उड़ान आबू धाबी से रात 2:35 बजे प्रस्थान कर सुबह 8:35 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी।
किराया और बुकिंग
नई उड़ान के लिए एकतरफा प्रारंभिक किराया 12,685 रूपये तय किया गया है, जबकि रिटर्न टिकट 16,132 रूपये में उपलब्ध है। एयरलाइन ने यह भी बताया कि यह प्रारंभिक किराया है और सीटों की उपलब्धता एवं मौसम के अनुसार कीमतों में उतार-चढ़ाव संभव है। शुरुआती उड़ानों के लिए बुकिंग तेज़ी से हो रही है, जो इस मार्ग की लोकप्रियता को दर्शाता है।
खाड़ी देशों के लिए बढ़ती मांग
ओडिशा से खाड़ी देशों, विशेषकर यूएई, कतर और ओमान में काम करने वाले प्रवासी ओड़िया श्रमिकों की बड़ी संख्या है। ऐसे में आबू धाबी के लिए सीधी उड़ान लंबे समय से लोगों की मांग थी। इससे न केवल प्रवासियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापारियों और उद्यमियों के लिए भी यह एक बड़ा अवसर साबित होगा।
पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
आबू धाबी न केवल एक प्रमुख खाड़ी राजधानी है, बल्कि यूरोप, अमेरिका और अफ्रीका जैसे क्षेत्रों के लिए एक अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट हब भी है। इस नए मार्ग से ओडिशा को वैश्विक व्यापार, निवेश और पर्यटन के लिए नया रास्ता मिलेगा। सरकार की मंशा है कि ओडिशा को अंतरराष्ट्रीय निवेश और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जाए, और यह कनेक्टिविटी उसी दिशा में एक कदम है।
भुवनेश्वर एयरपोर्ट की बढ़ती पहुँच
बीते महीनों में बीपीआईए से गोवा, पोर्ट ब्लेयर और गाजियाबाद (हिंडन) जैसे नए शहरों के लिए उड़ानें शुरू की गई हैं। इसके साथ भुवनेश्वर की घरेलू हवाई कनेक्टिविटी 28 शहरों तक पहुंच गई है और अब यहां से प्रतिदिन 56 विमान संचालन हो रहे हैं।
झारसुगुड़ा और पुरी को भी मिलेगी नई उड़ान सेवाएं
राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित झारसुगुड़ा हवाई अड्डे को हाल ही में मुंबई से सीधी उड़ान सेवा से जोड़ा गया है। साथ ही, केंद्र सरकार ने पुरी में एक नया ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यह हवाई अड्डा भगवान जगन्नाथ मंदिर के करोड़ों श्रद्धालुओं को सीधी सेवा प्रदान करेगा।