-
विशाखापट्टनम भागने की कोशिश कर रहे थे सभी आरोपी
ब्रह्मपुर। गंजाम जिले के ब्रह्मपुर में दो नाबालिग लड़कियों से सामूहिक बलात्कार की जांच करते हुए गोलंथरा पुलिस ने शनिवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। यह घटना गोलंथरा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में हुई थी और इसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने दो नाबालिग लड़कियों के साथ दोस्ताना संबंध बनाए और धीरे-धीरे उनका विश्वास जीत लिया। इस विश्वास का फायदा उठाते हुए उन्होंने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। लड़कियों द्वारा घटना का खुलासा करने के बाद पीड़ितों के परिवारों ने स्थानीय पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
गोलंथरा पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और जांच शुरू की। खुफिया सूचनाओं और ट्रैकिंग की मदद से पुलिस ने आरोपियों को विशाखापट्टनम भागने की कोशिश करते समय सफलतापूर्वक पकड़ लिया। चारों को बिना किसी प्रतिरोध के हिरासत में ले लिया गया और पूछताछ के लिए वापस लाया गया। आरोपियों की पहचान के शिवा, के साई, जी गरेया, एन श्रीनू के रूप में बताई गई है।
ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक एसपी डॉ सरवण विवेक एम ने गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि आरोपियों ने अपनी योजना को अंजाम देने से पहले लड़कियों का विश्वास जीत लिया था।
एसपी ने कहा कि पीड़िता की एक मां ने अपनी 14 वर्षीय बेटी और एक अन्य 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दो दिनों तक सामूहिक बलात्कार करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और गोलंथरा पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार, पीड़िताओं को काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया है। इसके साथ ही दोनों पीड़ितों का मेडिकल जांच भी कराई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद दो अलग-अलग टीमें बनाई गई थी। सभी आरोपी एक ही गांव के हैं। आरोपियों में से एक पीड़िता के संपर्क में था।