-
राजनीतिक गलियारे में छाया शोक
भुवनेश्वर। ओडिशा के बरगढ़ जिले के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता मोहम्मद रफिक का आज 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे बीते कुछ दिनों से बरगढ़ स्थित एक अस्पताल में इलाजरत थे। पूर्व विधायक मोहम्मद रफिक के निधन पर राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।
मोहम्मद रफिक वर्ष 2004 से 2009 तक बरगढ़ जिले की पुरानी मेलछामुंडा विधानसभा सीट से विधायक रहे थे। इसके साथ ही वे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके थे। समाजसेवा से जुड़ाव रखने वाले रफिक सोहेला दुर्गा पूजा समिति के उपाध्यक्ष भी थे। अपने सरल स्वभाव और विनम्र व्यवहार के लिए वे आम लोगों में काफी लोकप्रिय थे।
उनके निधन पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल और संगठन महासचिव मानस कुमार मोहंती ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।
भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में मोहम्मद रफिक के निधन को लेकर गहरा दुख देखा गया है। पार्टी ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रफिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह खबर अत्यंत दुखद और मार्मिक है।
प्रधान ने रफिक को एक सरल और विनम्र व्यक्तित्व का धनी बताया और कहा कि विधायक के रूप में उन्होंने अपने क्षेत्र के लिए अनेक जनकल्याणकारी कार्य किए। साथ ही, उन्होंने बरगढ़ जिले में भाजपा संगठन को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि रफिक का योगदान न केवल राजनीति, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय रहा, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
