-
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन की रिपोर्ट में खुलासा
-
महिला और समलैंगिक यौनकर्मी सहित ट्रांसजेंडर समुदाय की बड़ी आबादी सक्रिय
-
ओडिशा में 24,620 महिला यौनकर्मी और 5,977 पुरुष समलैंगिक
भुवनेश्वर। ओडिशा में यौनकर्मियों की संख्या को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, महिला यौनकर्मी, पुरुष समलैंगिक यौनकर्मी और ट्रांसजेंडर समुदाय की सक्रिय भागीदारी के चलते राज्य देश के 12 प्रमुख राज्यों में शामिल हो गया है, जहां इनकी संख्या सबसे अधिक पाई गई है।
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) की यह हालिया रिपोर्ट वर्ष 2022 में कराए गए एक राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण पर आधारित है, जिसे हाल ही में ‘पीएलओएस ग्लोबल पब्लिक हेल्थ’ नामक अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिका में प्रकाशित किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा में करीब 24,620 महिला यौनकर्मी और 5,977 पुरुष समलैंगिक सक्रिय हैं। इसके अलावा राज्य में 7,209 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की उपस्थिति भी दर्ज की गई है। यह सर्वेक्षण देशभर के 651 जिलों में किया गया, जिसमें 32 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश शामिल थे। रिपोर्ट के अनुसार, देश में 9.95 लाख महिला यौनकर्मी हैं।
कर्नाटक शीर्ष पर, आंध्र दूसरे स्थान पर
रिपोर्ट के अनुसार कर्नाटक 1.53 लाख महिला यौनकर्मियों की संख्या के साथ चार्ट में सबसे ऊपर है और उसके बाद आंध्र प्रदेश (1.19 लाख) है। सूची में महाराष्ट्र (95,351) तीसरे स्थान पर है।
ओडिशा में 2,113 यौनकर्म स्थल और 190 नेटवर्क ऑपरेटर सक्रिय
नाको द्वारा की गई प्रोग्रामेटिक मैपिंग और जनसंख्या अनुमान के अनुसार, ओडिशा में कुल 2,113 यौनकर्म स्थल (हॉटस्पॉट) और 190 नेटवर्क ऑपरेटर सक्रिय हैं। इन हॉटस्पॉट्स में वेश्यालय, लॉज, होटल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, पार्क, बाजार, राजमार्ग, पुलों के नीचे, स्पा और अन्य सुनसान इलाके शामिल हैं, जहां यौन गतिविधियों की जानकारी मिली है।
प्रति 1,000 वयस्क महिलाओं पर औसतन दो महिला यौनकर्मी
नाको द्वारा की रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा में प्रति 1,000 वयस्क महिलाओं पर औसतन दो महिला यौनकर्मी मौजूद हैं। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि इनमें से लगभग 88.6 प्रतिशत महिला यौनकर्मी शारीरिक हॉटस्पॉट्स (जैसे घर या सड़कों) के माध्यम से कार्यरत हैं, जबकि 4 प्रतिशत नेटवर्क ऑपरेटरों से सीधे जुड़ी हुई हैं और लगभग 7.4 प्रतिशत ग्रामीण इलाकों में ‘लिंक वर्कर स्कीम’ के अंतर्गत चिह्नित की गई हैं।
दस जिलों में संख्या 1,000 से अधिक
रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा के विभिन्न जिलों में इन यौनकर्मियों का घनत्व अलग-अलग है। दस जिलों में इनकी संख्या 1,000 से अधिक पाई गई, जबकि ग्यारह जिलों में इनकी संख्या 500 से 1,000 के बीच रही। केवल नौ जिले ऐसे हैं जहां महिला यौनकर्मियों की संख्या 500 से कम है।
90 प्रतिशत से अधिक ट्रांसजेंडर शहरों और कस्बों में
इसी रिपोर्ट में बताया गया है कि ओडिशा में 7,209 ट्रांसजेंडर भी चिह्नित किए गए हैं, जिनमें 90 प्रतिशत से अधिक लोग शहरों और कस्बों के हॉटस्पॉट्स पर सक्रिय पाए गए। कुछ लोग नेटवर्क ऑपरेटरों से जुड़े हैं और कुछ ‘लिंक वर्कर स्कीम’ के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय हैं।
यौन रोगों को नियंत्रित करने के लिए अपील
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ये आंकड़े ओडिशा की यौन स्वास्थ्य और एड्स नियंत्रण नीतियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इस रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने राज्य सरकार से अपील की है कि इन संवेदनशील समुदायों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, नियमित जांच, परामर्श और सुरक्षा उपायों को सुलभ कराया जाए, ताकि एचआईवी/एड्स और अन्य यौन रोगों को नियंत्रित किया जा सके।