-
कार हादसे के बाद तीसरे दिन भी बचाव अभियान
-
लापता होने वालों जाजपुर की भाजपा नेता इतिश्री जेना व उनका बेटा साहिल भी शामिल
-
ओडिशा सरकार ने दो अधिकारियों को भेजा है सिक्किम
गंगटोक/भुवनेश्वर। सिक्किम की तीस्ता नदी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक चार ओड़िया लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। गुरुवार रात को हुई इस दुर्घटना में एक वाहन खतरनाक मोड़ से फिसलकर तीस्ता नदी में जा गिरा था। वाहन में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें से चार अब तक लापता हैं।
लापता लोगों में जाजपुर की भाजपा नेता इतिश्री जेना, उनका बड़ा बेटा साहिल और ओड़िया दंपति अजीत नायक एवं सुनीता नायक शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, यह परिवार दो वाहनों में कुछ अन्य गैर-ओड़िया पर्यटकों के साथ लौट रहा था। तभी रात करीब 8 बजे, एक वाहन फिसलकर सीधे नदी में जा गिरा।
तेज बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ा
क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तीस्ता नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है, जिससे बचाव अभियान बेहद मुश्किल हो गया है। भारतीय सेना और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवान कठिन भौगोलिक और मौसमीय परिस्थितियों के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
रस्सियों से नदी से कार निकालने की कोशिश
हादसे वाली जगह पर क्रेन नहीं पहुंच पा रही थी, इसलिए बचाव दल रस्सियों के सहारे नदी में डूबी हुई कार को बाहर निकालने की कोशिश की, जिसका विडियो वायरल हो रहा है।
एक शव बरामद, दो घायल मिले
अब तक एक शव बरामद किया गया है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बचाकर मंगन जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा सरकार ने दो वरिष्ठ परिवहन अधिकारियों की टीम को सिक्किम भेजा है। अपर परिवहन आयुक्त दीप्तिरंजन पात्र और संयुक्त परिवहन आयुक्त विकाश चौधरी गंगटोक पहुंच गए हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रहे हैं।
स्थानीय लोग भी मदद में जुटे
भारतीय सेना, आईटीबीपी, सिक्किम पुलिस और जिला प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय स्वयंसेवक भी राहत व खोज अभियान में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।