Home / Odisha / लखपति दीदी योजना में ओडिशा अव्वल

लखपति दीदी योजना में ओडिशा अव्वल

  • देवगढ़, गजपति और केंद्रापड़ा की तीन महिलाएं बनीं श्रेष्ठ लखपति दीदी

  • नयागढ़ जिला पहले स्थान पर, राज्य स्तरीय अधिकारी को भी मिला पुरस्कार

  • मुख्यमंत्री ने श्रेष्ठ महिलाओं और जिलों को किया सम्मानित

भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा में महिला सशक्तिकरण को गति देने वाली लखपति दीदी योजना के अंतर्गत राज्यभर की उत्कृष्ट महिलाओं, जिलों और अधिकारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान श्रेष्ठ लखपति दीदी के रूप में देवगढ़ जिले की शकुंतला ढल, गजपति की सुलमी दलबेहरा और केंद्रापड़ा की ममता नाथ शर्मा को मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सम्मानित किया।

इसके साथ ही नयागढ़ जिला, जहां 98 प्रतिशत लखपति दीदी का निर्माण हुआ है, को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं 97 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के साथ केंद्रापड़ा, कटक, भद्रक और जगतसिंहपुर जिलों को द्वितीय स्थान प्रदान किया गया। इन जिलों को भी मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लखपति दीदी योजना पर आधारित एक वीडियो, एक कॉफी टेबल बुक और एक बुकलेट का भी विमोचन किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा की महिलाएं अब सिर्फ स्वावलंबी नहीं बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन रही हैं। यह योजना सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का माध्यम बन गई है।

श्रेष्ठ अधिकारी को मिला राज्यस्तरीय सम्मान

ओडिशा जीविका मिशन, भुवनेश्वर के अधिकारी देवी प्रसाद नायक को राज्य स्तर पर श्रेष्ठ अधिकारी के रूप में सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में मिशन के कार्यों को नई दिशा मिली है और अनेक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में उन्होंने अहम योगदान दिया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि लखपति दीदी योजना कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि यह एक आंदोलन बन चुकी है। यह महिलाओं को घर की चारदीवारी से निकालकर समाज और अर्थव्यवस्था की मुख्यधारा से जोड़ रहा है। ओडिशा लगातार इस क्षेत्र में पहले स्थान पर बना हुआ है, जो हमारे लिए गर्व की बात है।

उन्होंने बताया कि महिलाएं कृषि, पशुपालन, सिलाई, कैफे संचालन और अन्य उद्यमों के माध्यम से न केवल अपनी आजीविका कमा रही हैं, बल्कि समाज के अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ये सशक्त महिलाएं ही एक विकसित भारत और समृद्ध ओडिशा के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

ग्रामीण बदलाव की तस्वीर

इस कार्यक्रम ने साफ कर दिया कि लखपति दीदी योजना अब एक अभियान बन चुका है, जिसके माध्यम से ओडिशा के गांवों में आर्थिक बदलाव और सामाजिक सशक्तिकरण की नई कहानी लिखी जा रही है। सरकार की यह पहल राज्य के विकास के साथ-साथ महिला नेतृत्व को मजबूती देने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित हो रही है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

तथागत ने की उपराष्ट्रपति चुनाव में बीजद के रूख की आलोचना

    कहा – बीजद का मतदान से दूर रहना राजनीतिक आत्महत्या भुवनेश्वर। पूर्व बीजद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *