Home / Odisha / रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले ओडिशा के मुख्यमंत्री

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले ओडिशा के मुख्यमंत्री

  • राज्य की रणनीतिक भूमिका पर हुई चर्चा

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और देश की पूर्वी सीमा पर ओडिशा की रणनीतिक महत्ता को लेकर चर्चा की।

चार दिवसीय दिल्ली दौरे पर आए मुख्यमंत्री माझी ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग और समर्थन की मांग की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर देश और राज्य की सुरक्षा और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री से उपयोगी बैठक हुई। रक्षा अवसंरचना और ओडिशा की रणनीतिक महत्ता जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के उनके समर्थन और प्रतिबद्धता के लिए आभार।

उल्लेखनीय है कि ओडिशा की लगभग 480 किलोमीटर लंबी समुद्री सीमा है और राज्य में कई महत्वपूर्ण रक्षा प्रतिष्ठान स्थित हैं, जिनमें बालेश्वर जिले के चांदीपुर में स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) और भद्रक जिले का डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप शामिल हैं। इन दोनों स्थानों का उपयोग मिसाइल परीक्षणों के लिए किया जाता है, जिससे ओडिशा राष्ट्रीय रक्षा दृष्टिकोण से एक रणनीतिक केंद्र बन गया है।

गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, राज्य सरकार भारतीय नौसेना, कोस्ट गार्ड और समुद्री पुलिस के साथ मिलकर तटीय इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है, क्योंकि समुद्री मार्ग से घुसपैठ की संभावना बनी रहती है।

Share this news

About desk

Check Also

मुख्यमंत्री ने केन्दुझर के लिए धान खरीद व्यवस्था का किया शुभारंभ

    कहा-धान इनपुट सहायता से किसानों का मनोबल बढ़ा     खेती के प्रति …