-
भारतीय सेना के पराक्रम ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है – धर्मेंद्र प्रधान
भुवनेश्वर: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार को ओडिशा के संबलपुर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और भारतीय सेना को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित ‘पराक्रम शोभायात्रा’ में शामिल हुए।
इस अवसर पर श्री प्रधान ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ ‘पराक्रम शोभायात्रा’ में शामिल होकर मैं गर्व महसूस कर रहा हूं। यह शोभायात्रा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता, देश की सैन्य शक्ति के शौर्य और पराक्रम को सम्मान देने का एक महान अवसर है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से भारत की शक्ति को पूरी दुनिया ने देखा है। भारतीय सेना ने अपने साहस और कौशल से आतंकवादियों और उन्हें समर्थन देने वाले पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि जहां ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने देशवासियों को गौरवान्वित किया है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर एक नई सैन्य पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ नेतृत्व और भारतीय सेना के अदम्य साहस के लिए मैं धन्यवाद ज्ञापित करता हूं।
पराक्रम शोभायात्रा में शामिल होने से पहले, श्री प्रधान ने ओडिशा के महान स्वतंत्रता सेनानी और वीर पुत्र वीर सुरेंद्र साय की प्रतिमा और शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वीर सुरेंद्र साय ओडिशा के शौर्यपूर्ण इतिहास का अनोखा प्रतीक हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता और रणकौशल ओडिशा के वीरता का दर्पण है। उनका त्याग, साहस और पराक्रम हमेशा हमारी युवा पीढ़ी को प्रेरणा देता रहेगा।
इस शोभायात्रा में केंद्रीय मंत्री के साथ ओडिशा के उपमुख्यमंत्री केवी सिंहदेव, ग्रामीण विकास, पंचायती राज और पेयजल मंत्री रवी नायक, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय जनता भी शामिल हुई।
पूरे संबलपुर में ‘जय हिंद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से देशभक्ति का माहौल गूंज उठा।