Home / Odisha / भारत-पाक तनाव के बीच जम्मू से सुरक्षित लौटे ओडिशा के छात्र

भारत-पाक तनाव के बीच जम्मू से सुरक्षित लौटे ओडिशा के छात्र

  • परिजनों ने ली राहत की सांस

भुवनेश्वर। भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच जम्मू में पढ़ाई कर रहे ओडिशा के छात्र सकुशल अपने घर लौट आए। इन छात्रों की सुरक्षित वापसी ने उनके परिजनों को गहरी राहत दी है, जो बीते कुछ दिनों से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे।

गौरतलब है कि पाकिस्तान द्वारा भारतीय नागरिक इलाकों को निशाना बनाए जाने और भारतीय सशस्त्र बलों की त्वरित जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों देशों ने शनिवार को संघर्षविराम पर सहमति जताई थी। हालांकि, बीती रात पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर सशस्त्र ड्रोन भारतीय सीमावर्ती इलाकों में भेजे गए, जिससे तनाव और बढ़ गया और जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

ऐसे तनावपूर्ण माहौल में, जम्मू स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में अध्ययनरत ओडिशा के छात्र खुद को युद्ध जैसी स्थिति के बीच पाकर भयभीत हो गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने ओडिशा सरकार के सहयोग से छात्रों को एहतियातन दिल्ली स्थानांतरित करने की व्यवस्था की।

लेकिन डर और अनिश्चितता से घिरे इन छात्रों की एक ही इच्छा थी, जल्द से जल्द अपने घर लौटना। उनकी चिंता को समझते हुए केंद्र और राज्य सरकारों ने तत्परता दिखाते हुए उनके सुरक्षित निकासी की व्यवस्था की।

आज सुबह छात्रों के सकुशल लौटने से उनके परिवारों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने सरकार और प्रशासन का आभार जताया, जिन्होंने समय पर हस्तक्षेप कर बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाया।

Share this news

About desk

Check Also

मुख्यमंत्री ने केन्दुझर के लिए धान खरीद व्यवस्था का किया शुभारंभ

    कहा-धान इनपुट सहायता से किसानों का मनोबल बढ़ा     खेती के प्रति …