Home / Odisha / भाजपा अध्यक्ष ने झूठे आरोप पर मानहानि का दावा ठोंका

भाजपा अध्यक्ष ने झूठे आरोप पर मानहानि का दावा ठोंका

  • गिरफ्तार बीजद नेता राजा चक्र के वकील पर केस दर्ज

बालेश्वर। बीजद नेता राजा चक्र से जुड़े बहुचर्चित परिवहन घोटाले में अब कानूनी लड़ाई और तेज हो गई है। ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने शुक्रवार को राजा चक्र के वकील सितांशु द्विवेदी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया। यह मुकदमा बालेश्वर के एसडीजेएम कोर्ट में दर्ज किया गया।

1.3 करोड़ ट्रांसफर के आरोप पर बवाल

द्विवेदी ने कुछ सप्ताह पहले दावा किया था कि 1.3 करोड़ की राशि आरटीजीएस के जरिए भाजपा के खाते में जमा कराई गई थी और इसके लिए उन पर भाजपा नेताओं का दबाव था।

सामल ने इन आरोपों को झूठा और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए कहा कि उन्होंने मेरे ऊपर यह झूठा आरोप लगाया कि यदि पैसा नहीं जमा कराता तो उनका कारोबार प्रभावित किया जाता। न उनकी मंशा जानता हूं, न ही उनके झूठ को सहन करूंगा। कानून अब अपना काम करेगा।

परिवहन घोटाले में गिरफ्तार हैं राजा चक्र

राजा चक्र को मार्च में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने 1.32 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और फंड गबन के आरोप में गिरफ्तार किया था। 5 अप्रैल को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई टाल दी गई, क्योंकि पुलिस आवश्यक वित्तीय दस्तावेज, सीजर लिस्ट, ऑडिट रिपोर्ट और बैंक रिकॉर्ड  कोर्ट में नहीं पेश कर सकी थी।

भाजपा की कानूनी प्रतिक्रिया

भाजपा की ओर से दर्ज मानहानि मामले में कहा गया है कि द्विवेदी का यह बयान कि 1.3 करोड़ रुपये की राशि पार्टी नेतृत्व के खाते में ट्रांसफर हुई और 53 लाख पूर्व सचिव अंजन बेझ द्वारा निकाले गए पूरी तरह से निराधार है।

सामल ने स्पष्ट कहा कि हमारी पार्टी के खातों में पूरी पारदर्शिता है। झूठ फैलाने वालों को अब जवाबदेह बनना होगा। अंजन बेझ, जो सुआकटी-गंधमार्दन लोडिंग एजेंसी के पूर्व सचिव हैं, ने भी किसी प्रकार की संलिप्तता से इनकार किया है।

जांच का दायरा बढ़ा : पूर्व एसपी और बीजद नेता रडार पर

ईओडब्ल्यू अब इस घोटाले की गहराई से जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, केंदुझर के एक पूर्व एसपी, एक पूर्व जिलाधिकारी और बीजद नेता बॉबी दास की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि क्या उन्होंने चक्र की मनी लॉन्ड्रिंग या जांच से बचने में मदद की?

भाजपा बनाम बीजद की सीधी टक्कर

यह मामला न केवल बीजद के लिए राजनीतिक चुनौती बनता जा रहा है, बल्कि भाजपा बनाम बीजद की सीधी टक्कर अब अदालतों में भी दिखाई दे रही है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि यह कानूनी लड़ाई किस ओर मोड़ लेती है।

Share this news

About desk

Check Also

मुख्यमंत्री ने केन्दुझर के लिए धान खरीद व्यवस्था का किया शुभारंभ

    कहा-धान इनपुट सहायता से किसानों का मनोबल बढ़ा     खेती के प्रति …