-
गर्म होंगी रातें और उमस भरी गर्मी
-
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, सरकार ने एडवाइजरी
-
झारसुगुड़ा, संबलपुर, बलांगीर समेत कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
भुवनेश्वर। ओडिशा में 26 अप्रैल तक प्रचंड लू चलेगी। रातें गर्म होंगी और उमस भरी गर्मी का सामना करना होगा। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है और राज्य सरकार ने लोगों के लिए एडवाइजरी की है। झारसुगुड़ा, संबलपुर, बलांगीर समेत कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ओडिशा में भीषण गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को जानकारी दी कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान में अचानक वृद्धि दर्ज की गई है। अगले तीन दिनों तक प्रचंड लू, गर्म और उमस भरी रातों तथा अधिकतम तापमान सामान्य से 4–5 डिग्री अधिक बने रहने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तर आंतरिक ओडिशा के कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। 23 से 26 अप्रैल 2025 तक राज्य के कई जिलों में लू और गर्म मौसम की स्थिति बनी रहेगी।
अगले 24 घंटे के दौरान झारसुगुड़ा जिले के एक या दो स्थानों पर प्रचंड लू की संभावना। इन जिलों के लिए नारंगी चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही बौध, बलांगीर, सुंदरगढ़, संबलपुर, सोनपुर जिलों के एक-दो स्थानों पर लू चलने की संभावना।
संबलपुर, सुंदरगढ़, बलांगीर जिलों में एक-दो स्थानों पर रात के समय अधिक गर्मी की संभावना।
अगले 48 घंटे के दौरान झारसुगुड़ा जिले में एक-दो स्थानों पर प्रचंड लू की संभावना। इसके लिए नारंगी चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही सुंदरगढ़, संबलपुर, सोनपुर, बौध, बलांगीर, बरगढ़ जिलों में लू की स्थिति रह सकती है। संबलपुर, सुंदरगढ़, बोलांगीर जिलों में गर्म रातें रहने की संभावना। कलाहांडी, नुआपड़ा, देवगढ़, अनुगूल जिलों में एक-दो स्थानों पर लू की संभावना को लेकर पीली चेतावनी जारी की गई है। बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम, गजपति, केंदुझर और ढेंकानाल जिलों के कुछ हिस्सों में उमस भरी गर्मी महसूस की जा सकती है।
तीसरे दिन सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, सोनपुर, बलांगीर, बौध, नुआपड़ा, कलाहांडी, अनुगूल, देवगढ़ जिलों में लू की स्थिति बन सकती है। बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम, गजपति, केंदुझर और ढेंकानाल जिलों में उमस और गर्मी की स्थिति बनी रह सकती है।
अब तक लू से मौत की पुष्टि नहीं
ओडिशा में जारी भीषण गर्मी और लू के बीच पब्लिक हेल्थ डायरेक्टर डॉ नीलकंठ मिश्र ने बुधवार को स्पष्ट किया कि अब तक राज्यभर में लू (सनस्ट्रोक) से किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, हीट-संबंधित बीमारियों से पीड़ित 66 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया गया है। डॉ मिश्र का यह बयान टिटिलागढ़ से सामने आई एक मौत की खबर के बाद आया है, जहां प्रारंभिक रिपोर्ट में लू से मौत की आशंका जताई गई थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि उक्त व्यक्ति की मृत्यु हृदयाघात (हार्ट स्ट्रोक) से हुई, न कि लू से।
प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया
राज्य में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। आमजन से अपील की गई है कि सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना अनिवार्य हो तो छाता लेकर निकलें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा लगातार पानी पीते रहें। साथ ही, जनता को लू के लक्षणों और बचाव के बारे में जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं। विशेषकर बुजुर्ग, बच्चे और पूर्व-रोगग्रस्त लोग अधिक सतर्कता बरतें।
स्वास्थ्य तंत्र तैयार, विशेष व्यवस्था लागू
राज्य सरकार ने स्वास्थ्य तंत्र को सक्रिय किया है और विशेष लू उपचार बेड की व्यवस्था की गई है। जिला स्तरीय अस्पतालों में छह विशेष बेड, उप-मंडलीय अस्पतालों में चार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में दो और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में एक-एक बेड लू पीड़ितों के लिए आरक्षित किया गया है।
इसके अलावा, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को सनस्ट्रोक की पहचान और तत्काल इलाज के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को भी मजबूत किया गया है ताकि किसी भी गंभीर मामले में तुरंत इलाज मिल सके।
स्थिति नियंत्रण में, लेकिन सतर्कता जरूरी
डॉ मिश्र ने कहा कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन जनता का सहयोग और सजगता बहुत जरूरी है। हमने पूरी तैयारी की है, लेकिन यदि लोग निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं। राज्य सरकार मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और यदि आवश्यक हुआ तो और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
लक्षण जानें, सतर्क रहें:
– अत्यधिक पसीना
– सिरदर्द
– चक्कर आना
– त्वचा का गर्म और सूखा होना
– बेहोशी
बचाव करें:
– छांव में रहें
– ढीले और सूती कपड़े पहनें
– खूब पानी पिएं
– अनावश्यक यात्रा से बचें
– समय-समय पर शरीर को गीले कपड़े से पोछें
लू से सुरक्षा की सबसे बड़ी ढाल
बताया गया है कि गर्मी का असर अभी कुछ और दिनों तक बना रह सकता है। ऐसे में प्रशासनिक तैयारी के साथ-साथ जनता की जागरूकता ही लू से सुरक्षा की सबसे बड़ी ढाल बन सकती है।